1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. आलेख
  4. salman khan net worth properties cars farmhouse birthday special

सलमान खान: फिल्मों से लेकर फार्महाउस, कारों और यॉट तक, 2900 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक हैं भाईजान

salman khan net worth properties cars farmhouse birthday special
बॉलीवुड के सबसे बड़े सुपरस्टार्स में गिने जाने वाले सलमान खान 27 दिसंबर को अपना 60वां जन्मदिन मना रहे हैं। जैसे-जैसे उनका बर्थडे करीब आता है, फैंस का उत्साह भी चरम पर है। साल 1988 में फिल्म बीवी हो तो ऐसी से हिंदी सिनेमा में कदम रखने वाले सलमान खान ने फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। तीन दशक से ज्यादा के करियर में उन्होंने रोमांटिक, कॉमेडी, एक्शन और फैमिली ड्रामा हर जॉनर में यादगार फिल्में दी हैं।
 
सुपरहिट फिल्मों से बनी पहचान
सलमान खान की फिल्मोग्राफी अपने आप में इतिहास है। मैंने प्यार किया, हम आपके हैं कौन, अंदाज अपना अपना, करण अर्जुन, जुड़वा, हम साथ-साथ हैं, मुझसे शादी करोगी, दबंग, सुल्तान और टाइगर जिंदा है जैसी फिल्मों ने उन्हें हर वर्ग के दर्शकों का चहेता बनाया। इन फिल्मों ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड बनाए, बल्कि सलमान को एक भरोसेमंद सुपरस्टार भी साबित किया।
 
2900 करोड़ रुपये की नेटवर्थ, फिल्मों से आगे की सोच
सितंबर 2025 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सलमान खान की कुल संपत्ति करीब 2900 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह दौलत सिर्फ फिल्मों से नहीं, बल्कि स्मार्ट निवेश, ब्रांड वैल्यू और टीवी शो से भी आई है। सलमान खान एक अभिनेता होने के साथ-साथ एक सफल बिजनेसमैन और समझदार निवेशक भी माने जाते हैं।
 
मुंबई का समुद्र किनारे बना 100 करोड़ रुपये का घर
अगर मुंबई में किसी टैक्सी ड्राइवर से सलमान खान के घर के बारे में पूछा जाए, तो वह सीधे बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट्स ले जाएगा। अरब सागर की ओर खुलने वाले इस घर की कीमत करीब 100 करोड़ रुपये बताई जाती है। इस फ्लैट की बालकनी से सलमान अक्सर अपने फैंस का अभिवादन करते नजर आते हैं। सलमान ग्राउंड फ्लोर पर रहते हैं, जबकि उनके पिता सलीम खान पहली मंजिल पर रहते हैं। इस घर से उनका भावनात्मक जुड़ाव भी गहरा है।

salman khan net worth properties cars farmhouse birthday special

 
पनवेल का आलीशान फार्महाउस, कीमत करीब 80 करोड़ रुपये
सलमान खान का पनवेल स्थित फार्महाउस, जिसे अर्पिता फार्म्स कहा जाता है, करीब 150 एकड़ में फैला हुआ है। इसकी कीमत लगभग 80 करोड़ रुपये आंकी जाती है। यहां प्राइवेट जिम, स्विमिंग पूल, एनिमल शेल्टर और हरियाली से भरा माहौल है। खान परिवार अक्सर बड़े सेलिब्रेशन और सलमान का जन्मदिन यहीं मनाता है।
 
भारत और विदेश में कई प्रॉपर्टीज
मुंबई और पनवेल के अलावा सलमान खान के पास मुंबई के कार्टर रोड और वर्ली में भी प्रॉपर्टी बताई जाती है। इतना ही नहीं, दुबई में भी उनके पास लग्जरी अपार्टमेंट हैं, जिनमें द एड्रेस डाउनटाउन और बुर्ज पैसिफिक टावर्स शामिल हैं। इन प्रॉपर्टीज की कीमत सार्वजनिक नहीं है, लेकिन इन्हें बेहद महंगा माना जाता है।
 
लग्जरी कारों का शानदार कलेक्शन
सलमान खान को महंगी गाड़ियों का खास शौक है। उनके गैराज में रेंज रोवर SC LWB 3.0, टोयोटा लैंड क्रूजर LC 200, निसान पेट्रोल, ऑडी RS7, BMW X6 और मर्सिडीज-बेंज GL जैसी लग्जरी कारें शामिल हैं। कार प्रेमियों के लिए सलमान का कलेक्शन किसी म्यूजियम से कम नहीं है।
 
3 करोड़ रुपये की यॉट भी है भाईजान के पास
सलमान खान ने अपने 50वें जन्मदिन पर खुद को करीब 3 करोड़ रुपये की यॉट गिफ्ट की थी। जब उन्हें मुंबई की भागदौड़ से दूर सुकून चाहिए होता है, तो वह समुद्र में वक्त बिताना पसंद करते हैं।
 
फिल्मों और बिग बॉस से करोड़ों की कमाई
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान खान एक फिल्म के लिए 100 करोड़ से 150 करोड़ रुपये तक फीस लेते हैं। इसके अलावा वह पिछले 15 सालों से ज्यादा समय से टीवी शो बिग बॉस होस्ट कर रहे हैं, जिससे उनकी कमाई में लगातार इजाफा हुआ है।
 
सिर्फ स्टार नहीं, समझदार निवेशक भी हैं सलमान
सलमान खान ने समय के साथ यह साबित किया है कि वह सिर्फ एक सुपरस्टार नहीं, बल्कि दूरदर्शी सोच रखने वाले इंसान भी हैं। अच्छे स्क्रिप्ट चुनने के साथ-साथ सही जगह निवेश करना उनकी सबसे बड़ी ताकत रही है, जिसने उन्हें बॉलीवुड के सबसे अमीर और प्रभावशाली सितारों में शामिल कर दिया।