1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. आलेख
  4. ramayana-movie-cast-fees-ranbir-kapoor-yash-sunny-deol

रामायण फिल्म की स्टारकास्ट की फीस: रणबीर कपूर से यश तक, किसने कितनी रकम ली?

रामायण फिल्म की स्टारकास्ट की फीस: रणबीर कपूर से यश तक, किसने कितनी रकम ली?
नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' को लेकर दर्शकों में जितनी उत्सुकता है, उतनी ही दिलचस्पी इसकी स्टारकास्ट की फीस को लेकर भी है। रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी जैसे बड़े सितारों से सजी इस फिल्म का बजट भी चर्चा में है।
 
इस फिल्म में कलाकारों को मिलने वाली फीस के जो आंकड़े सामने आए हैं, उन्हें लेकर एक बात ध्यान रखना जरूरी है। ये मीडिया रिपोर्ट्स में बताए गए अनुमान हैं, फिल्म निर्माताओं की ओर से जारी आधिकारिक भुगतान का ब्योरा नहीं।
 

1. रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor): 150 करोड़ रुपये

फीस के मामले में भगवान राम की भूमिका निभा रहे रणबीर कपूर सबसे आगे बताए जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें फिल्म के दोनों पार्ट के लिए कुल 150 करोड़ रुपये मिल रहे हैं। यानी प्रत्येक पार्ट के लिए उनकी फीस करीब 75 करोड़ रुपये है। यह उनके करियर की सबसे बड़ी फीस में से एक बताई जा रही है। 
 

2. यश (Yash): 100 करोड़ रुपये

फिल्म में रावण का किरदार निभा रहे कन्नड़ सुपरस्टार यश भी फीस के मामले में दूसरे स्थान पर बताए जा रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्हें दोनों पार्ट के लिए करीब 100 करोड़ रुपये मिलने की चर्चा है। यानी एक पार्ट के लिए लगभग 50 करोड़ रुपये। खास बात यह है कि यश अभिनय के साथ फिल्म के निर्माण से भी जुड़े हैं। हालांकि, उनकी वास्तविक कमाई में फीस और मुनाफे की हिस्सेदारी का अंतर स्पष्ट नहीं है। 
 

3. सनी देओल (Sunny Deol): 40 करोड़ रुपये

हनुमान की भूमिका में नजर आने वाले सनी देओल की फीस भी काफी बड़ी बताई जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें प्रत्येक पार्ट के लिए करीब 20 करोड़ रुपये मिलेंगे। इस तरह दोनों पार्ट की कुल फीस लगभग 40 करोड़ रुपये बैठती है। 'गदर 2' की सफलता के बाद सनी देओल की लोकप्रियता और बॉक्स ऑफिस पर उनकी मांग में जबरदस्त इजाफा हुआ है। 
 

4. साई पल्लवी (Sai Pallavi): 12 करोड़ रुपये

फिल्म में सीता का किरदार निभा रहीं साई पल्लवी को दोनों पार्ट के लिए करीब 12 करोड़ रुपये मिलने की खबर है। यानी प्रत्येक पार्ट के लिए उनकी फीस लगभग 6 करोड़ रुपये बताई गई है। रणबीर और यश की तुलना में यह रकम भले ही कम हो, लेकिन साई पल्लवी के करियर की बड़ी फिल्मों में यह प्रोजेक्ट शामिल है। 
 

5. रवि दुबे (Ravi Dubey): 2 से 4 करोड़ रुपये

लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे रवि दुबे की फीस को लेकर भी अलग-अलग आंकड़े सामने आए हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में उन्हें 2 से 4 करोड़ रुपये मिलने की बात कही गई है। हालांकि, कुछ अन्य रिपोर्ट्स में इससे अधिक रकम का दावा किया गया है। इसलिए उनकी दोनों फिल्मों की कुल फीस को लेकर अभी स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं है। 
 

6. रकुल प्रीत सिंह (Rakul Preet Singh): 1 से 2 करोड़ रुपये

रकुल प्रीत सिंह की फीस को लेकर सामने आई रिपोर्ट्स में करीब 1 से 2 करोड़ रुपये का आंकड़ा बताया गया है। 
 

विवेक ओबेरॉय ने फीस लेने से किया इनकार?

फिल्म से जुड़ी फीस की चर्चाओं में विवेक ओबेरॉय का नाम भी दिलचस्प है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने अपने किरदार के लिए फीस लेने से इनकार कर दिया और इस रकम को कैंसर से जूझ रहे बच्चों की मदद के लिए दान करने की इच्छा जताई। यह दावा भी मीडिया रिपोर्ट्स के आधार पर है। 
 

4000 करोड़ रुपये से ज्यादा का है रामायण का बजट

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' का बजट भी इस फिल्म को खास बनाता है। निर्माता नमित मल्होत्रा ने एक इंटरव्यू में दोनों पार्ट का कुल बजट करीब 500 मिलियन डॉलर यानी 4,000 करोड़ रुपये से ज्यादा बताया था। फिल्म में बड़े पैमाने पर वीएफएक्स और विजुअल इफेक्ट्स का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके संगीत से एआर रहमान और हॉलीवुड के मशहूर संगीतकार हैंस जिमर जुड़े हैं। 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
‘रामायण’ के किरदारों को लेकर रणबीर कपूर और यश के बच्चों के मन में उठे सवाल, एक्टर्स ने बताया रिएक्शन