सिंगापुर एयरलाइंस पर चिकन परोसने का आरोप
ND
सिंगापुर एयरलाइंस पर न्यूजीलैंड से भारत जा रही एक शाकाहारी हिंदू महिला को चिकन परोसने का आरोप लगा है। न्यूजीलैंड मीडिया की खबरों के मुताबिक, 56 वर्षीय पुष्पलता शर्मा ने दावा किया है कि उन्हें भारत जा रही उड़ान के दौरान चिकन परोस दिया गया, जिसके बाद वह बीमार पड़ गईं।
न्यूजीलैंड के ब्लेनहीम की निवासी पुष्पलता अपने पूरे जीवन में शाकाहारी रहीं हैं और उन्होंने कभी अंडा या मांस नहीं खाया।
सिंगापुर एयरलाइंस के एक प्रवक्ता ने बताया कि कंपनी इस बात से चिंतित है कि महिला को गलत भोजन परोस दिया गया, लेकिन जिस ट्रेवल एजेंट ने पुष्पलता की बुकिंग कराई थी, उसने किसी विशेष भोजन की मांग नहीं की थी।
कहा जा रहा है कि पुष्पलता ने अपना टिकट एक ट्रेवल एजेंट के माध्यम से प्राप्त कर भारतीय शाकाहारी भोजन की मांग की थी, लेकिन एजेंट और कंपनी के बीच किसी गड़बड़ी के चलते यह आग्रह भुला दिया गया और उन्हें गलत भोजन परोस दिया गया।
पुष्पलता ने कहा कि जब उन्हें भोजन दिया गया, तो उन्होंने चिकन को चीज समझा, लेकिन जैसे ही उन्होंने भोजन का छोटा-सा टुकड़ा खाया, वह फौरन बीमार पड़ गईं। चालक दल की एक सदस्य पुष्पलता की भाषा समझ सकती थी। उस सदस्य ने पुष्पलता की भाषा समझ कर उनसे माफी मांगी और उन्हें भोजन के तौर पर चावल और ब्रेड लाकर दिया, लेकिन पुष्पलता ने कुछ भी खाने से इंकार कर दिया।
पुष्पलता ने बताया कि जब-जब वह उस भोजन के बारे में सोचती हैं, बीमार पड़ जाती हैं। इसके बाद वह अवसाद का उपचार कराने के लिए चिकित्सक के पास गईं। उन्होंने बताया, ‘हम मांसाहारी नहीं हैं। हम सबसे पहले भगवान को भोजन अर्पित करते हैं, उसके बाद ही उसे खाते हैं। मैंने भगवान को मांस अर्पित कर दिया।’ सिंगापुर एयरलाइंस न्यूजीलैंड के यात्री सेवा प्रबंधक मरे वाइल्ड ने कहा कि कंपनी ने इस घटना को गंभीरता से लिया है।
उन्होंने बताया, ‘कंपनी इस बात की जांच कर रही है कि यह घटना कैसे हुई। इसके बारे में हम पुष्पलता शर्मा को जानकारी देते रहेंगे।’

