कुशल मानव संसाधन का स्वागत
ND
ऑस्ट्रेलिया ने देश की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सुधारी गई अपनी आव्रजन नीति के जरिए भारत से उच्च कुशल मानव संसाधन का अपने यहां स्वागत किया है।
ऑस्ट्रेलिया सरकार के आव्रजन एवं नागरिकता विभाग की श्रमिक बाजार शाखा के सहायक मंत्री पीटर स्पेल्डेविंडे ने यहां संवाददाताओं से कहा कि इससे भारत से स्वास्थ्य देखभाल, सूचना प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग के क्षेत्र में डिग्री प्राप्त उच्च कुशल मानव संसाधनों को वैश्विक भेदभावरहित आव्रजन कार्यक्रम के तहत आस्ट्रेलिया जाने के लिए आवेदन करने का मौका मिलेगा।
उन्होंने कहा, ‘आव्रजन प्रक्रिया में मूलभूत बदलाव किया गया है। इसका उद्देश्य ऑस्ट्रेलिया की मध्यम और दीर्घकालिक जरूरतों पर ध्यान केंद्रित करना है। इसके अलावा ऐसे मानव संसाधन की आयु सीमा को 45 वर्ष से बढ़ाकर 50 वर्ष कर दिया गया है।’ उन्होंने कहा कि इस वर्ष एक जुलाई के बाद आवेदन करने वाले सीधे वीजा आवेदन की इस नई प्रणाली के तहत आएंगे। (भाषा)

