अब मोबाइल मनी ट्रांसफर सेवा
एसएमएस से भेज सकेंगे रुपए
ND
डाक विभाग ने देश में डाक विभागों द्वारा एक शहर से दूसरे शहर में तेजी से धन भेजने के लिए मोबाइल आधारित मनी ट्रांसफर सेवा शुरू की है। इस पर शुल्क भी पारंपरिक मनी ऑर्डर के ही समान होगा। यह शुल्क भेजी गई राशि का 5 प्रश होगा।
सेवा की शुरुआत करते हुए केंद्रीय संचार, सूचना प्रौद्योगिकी और गृह राज्यमंत्री गुरुदास कामत ने कहा कि इस सेवा का उद्देश्य उन लोगों की मदद करना है, जिन्हें बैंकिंग सेवाएं नहीं मिल पाती हैं। डाक विभाग बीएसएनएल के तकनीकी सहयोग से मोबाइल मनी ट्रांसफर सेवा संचालित करेगा।
केंद्रीय संचार मंत्री ने बताया कि शुरुआत में सेवा 50 हजार रु. तक के धन को इधर से उधर भेजने के लिए पंजाब और बिहार के सर्कलों में शुरू की गई है। 8 हफ्तों के भीतर यह सेवा पूरे देश में शुरू हो जाएगी।
ND
डाक विभाग की सचिव राधिका दोरइस्वामी ने कहा कि डाक विभाग देश के सभी 155000 पोस्ट ऑफिसों को कोर पोस्टल सर्विस में जोड़ने की योजना बना रहा है।
ऐसी होगी यह सेवा
- धन भेजने के इच्छुक व्यक्ति को पोस्ट ऑफिस जाना होगा, जो रुपए ट्रांसफर करने के बाद उसे विशेष पिन (पर्सनल आईडेंटिफिकेशन नंबर) देगा।
- धन भेजने वाले व्यक्ति को यह पिन प्राप्तकर्ता को मोबाइल पर एसएमएस के जरिए भेजना होगा।
- मोबाइल पर पिन का सत्यापन करने के बाद वह घर पर ही डाकिए से उसे भेजे गए रुपए प्राप्त कर सकेगा।
- प्राप्तकर्ता चाहे तो पोस्ट ऑफिस जाकर भी रुपए प्राप्त कर सकता है।

