1. लाइफ स्‍टाइल
  2. »
  3. साहित्य
  4. »
  5. काव्य-संसार
  6. शुभ्र वस्त्रे हंसवाहिनी

शुभ्र वस्त्रे हंसवाहिनी

सरस्वती वंदना

सरस्वती वंदना
प्रो. सीबी श्रीवास्तव 'विदग्ध'
ND
शुभ्र वस्त्रे हंसवाहिनी
वीणावादिनी शारदे,
डूबते संसार को
अवलंब दे आधार दे!
हो रही घर-घर निरंतर
आज धन की साधना
स्वार्थ के चंदन अगरु से
अर्चना-आराधना
आत्मवंचित मन सशंकित
विश्व बहुत उदास है,
चेतना जग की जगा माँ
वीणा की झंकार दे!
सुविकसित विज्ञान ने तो
की सुखों की सर्जना
बंद हो पाई न अब भी
पर बमों की गर्जना
रक्तरंजित धरा पर फैला
धुआँ और ध्वंस है
बचा मृग मारिचिका से,
मनुज को माँ प्यार दे
ज्ञान तो बिखरा बहुत
पर, समझ ओछी हो गई
बुद्धि के जंजाल में दब
प्रीति मन की खो गई
उठा है तूफान भारी,
तर्क पारावार में
भाव की माँ हंसग्रीवी,
नाव को पतवार दे
चाहता हर आदमी अब
पहुँचना उस गाँव में
जी सके जीवन जहाँ
ठंडी हवा की छाँव में
थक गया चल विश्व
झुलसाती तपन की धूप में
हृदय को माँ! पूर्णिमा सा
मधु भरा संसार दे।