1. लाइफ स्‍टाइल
  2. »
  3. साहित्य
  4. »
  5. काव्य-संसार

वह स्वतंत्र होना चाहती है

डॉ. किसलय पंचोली

कविता
WD
वह स्वतंत्र होना चाहती है
उसके वक्त पर, अपनों के पहरों से
उसके पहनावे पर सगों के फतवों से

उसके आवागमन पर, संबंधियों की चौकीदारी से
उसके शरीर पर, करीबी लगों की जमींदारी से।

उसके मातृत्व पर, कुलीन गुंडागर्दी से
उसके मन पर, पारिवारिक संस्कारों के आतंक से।

उसके उठने-बैठने पर, घरेलू नुक्ताचीनियों से,
उसके करियर पर खानदानी पाबंदियों से।

वह स्वतंत्र होना चाहती है...!

पहरों, फतवों, चौकीदारी, जमींदारी, गुंडागर्दी, आतंक, नुक्ताचीनी, और पाबंदी से।


घबराइए मत, डरिए मत, चौंकिए मत,
वह स्वतंत्र होना चाहती है।

मात्र स्वतंत्र, स्वच्छंद नहीं
वह जानती है स्वतंत्रता और स्वच्छंदता का फर्क।

लक्ष्मण रेखा के चाप की त्रिज्या को नाप लिया है उसने।
और अब वह उसी त्रिज्या वाला 'सीता रेखा' का चाप खींचना चाहती है।

यूँ वह 'भारतीय गरिमा' का पूरा वृत्त बनाना चाहती है।
वह स्वतं‍त्र होना चाहती है...!