1. लाइफ स्‍टाइल
  2. »
  3. साहित्य
  4. »
  5. काव्य-संसार
  6. ख्वाब बच्चे हैं, पालते जाओ

ख्वाब बच्चे हैं, पालते जाओ

ख्वाब
जफर गोरखपुरी
हाथ काँटों में डालते जाओ
उंगलियाँ भी संभालते जाओ,

जब बड़े हो तो कत्ल कर देना
ख्वाब बच्चे हैं, पालते जाओ,

जिंदगी दफन कर रही है मुझे
तुम भी कुछ खाक डालते जाओ,

फिर ये बस्ती बचा न पाओगे
घर का तूफान टालते जाओ,

जिंदगी है फकीर की झोली
दर्द की भीख डालते जाओ,

आखिरी साँस तक रहो प्यासे
और सागर उछालते जाओ,

पत्थरों से 'जफर' निबाह करो
आईने भी संभालते जाओ।