गुजरात मॉडल पर मोदी की सोनिया को चुनौती
FILE
मोदी ने यहां कहा कि यदि झूठ बोलना आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है तो चुनाव आयोग को कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने एक जनसभा कहा कि मैडम सोनिया ने गुजरात और देश की जनता को गुमराह करने का प्रयास किया है, मैं उन्हें इस पर खुली बहस की चुनौती देता हूं।
मोदी ने कहा कि मैडम सोनिया ने कहा है कि गुजरात में बीच में पढ़ाई छोड़ देने वाले विद्यार्थियों का प्रतिशत देश में सबसे अधिक है जो सत्य नहीं है। उन्होंने कहा कि जब वह सत्ता में आए थे तब कक्षा पहली से पांचवीं के बीच यह प्रतिशत 21 था जो घटकर अब दो फीसदी रह गया है।
भाजपा नेता ने कहा कि कुपोषण के मामले पर सोनिया लोगों को गुमराह कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कुपोषण देश के अन्य हिस्सों में भी है। गुजरात ने इस समस्या से निजात के लिए महती काम किया है और कैग ने भी हमारे काम की सराहना की है। (भाषा)

