1. लाइफ स्‍टाइल
  2. »
  3. नायिका
  4. »
  5. ब्यूटी केयर टिप्स
  6. मेकअप से छुपाएं चेहरे की खामियां

मेकअप से छुपाएं चेहरे की खामियां

रंजना गुप्ता

हिन्दी ब्यूटी टिप्स
ND
सुंदर दिखने के लिए कॉस्मेटिक्स का प्रयोग करना आजकल आम चलन है। किसी प्रसंग या दिन विशेष पर किया गया मेकअप काफी मायने रखता है। सही तरीके से किए गए मेकअप से न केवल आपकी खूबसूरती में निखार आता है बल्कि यह आपके चेहरे की छोटी-मोटी खामियों को भी छुपा देता है। आइए जानते हैं कैसे-

- लंबी नाक को छोटा दिखाने के लिए सबसे पहले क्रीम बेस्ड डार्क शेड का फाउंडेशन लीजिए। इसे नाक के ऊपरी भाग से लगाते हुए नीचे तक लगाइए। यह ध्यान रखें कि इस फाउंडेशन का कलर आपके हमेशा यूज में आने वाले फाउंडेशन से कम से कम दो शेड गहरा हो। नाक पर लगाने के बाद इसे मेकअप स्पांज की मदद से नाक से लेकर गालों की तरफ फैला लीजिए। नाक पर की गई शेडिंग और बाकी चेहरे पर लगाए गए फाउंडेशन का एकसार होना सबसे ज्यादा जरूरी है।

इसके बाद एक एंगल वाले ब्लश ब्रश की मदद से हाइलाइटिंग क्रीम की पतली रेखा नाक के बीच से नीचे की ओर लगाएं। इसके बाद अपने रेग्युलर फाउंडेशन की एकसार परत पूरे चेहरे पर लगाएं। इसके बाद थोड़ा ब्रांजर अप्लाई करें और सबसे आखिर में पावडर की हल्की-सी परत फाउंडेशन को सैट करने के लिए लगाएं।

- इसके अलावा होठों पर ग्लॉसी लिप कलर, चिक बोन्स पर पीच या पिंक ब्लश के उपयोग से एवं सही हेयर स्टाइल द्वारा भी अधिक लंबी नाक की तरफ से लोगों का ध्यान हटा सकती हैं। और हां, नाक में लौंग या बाली पहनने से भी बचें।

ND
- अगर आपको अपनी नाक को लंबा दिखाना है तो नाक के नीचे तथा जहां नाक खत्म होती है उसके निचले हिस्से की स्किन को हाइलाइट करें। इसी तरह नाक की चौड़ाई को ज्यादा दिखाने के लिए नाक के दोनों ओर हाइलाइटर का उपयोग करें और इसे अच्छी तरह बाकी के फाउंडेशन से मिला लें।

- अगर आपकी दोनों आंखों के बीच की दूरी बहुत ज्यादा है तो आंखों के ऊपरी हिस्से को हाइलाइट करें। इससे यह दूरी कम नजर आएगी।

- अगर आपकी आंखें बहुत छोटी हैं तो आईशेडो को आंखों की पूरी लंबाई में लगाएं और आंखों के ऊपर तथा नीचे भी शेडो का प्रयोग करें। आंखों की लंबाई बढ़ाने के लिए शेडो को आंखों के कोनों तक फैलाएं।

- होठों को पतला दिखाने के लिए लिपस्टिक के शेड से मैच करते लिप लाइनर का प्रयोग होठों के अंदर की तरफ यानी इनर लाइन पर करें। डार्क शेड का प्रयोग बिलकुल न करें और लिप ग्लॉस का सिंगल कोट चढ़ाएं।

- इसके उलट होठों को मोटा दिखाने के लिए लिप लाइनर को होठों के बाहरी किनारों पर लगाएं। लिपस्टिक का कोई भी रिच शेड लगाएं और लिप ग्लॉस की सहायता से ऊपर व नीचे के होंठ के बीच के हिस्से को हाईलाइट करें।