• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. उत्तर प्रदेश
  4. Kanpur is ready to welcome Ganga trip
Written By अवनीश कुमार
Last Updated : गुरुवार, 30 जनवरी 2020 (16:41 IST)

कानपुर 'गंगा यात्रा' के स्वागत के लिए तैयार, बस अब इंतजार यात्राओं के कानपुर पहुंचने का

कानपुर 'गंगा यात्रा' के स्वागत के लिए तैयार, बस अब इंतजार यात्राओं के कानपुर पहुंचने का - Kanpur is ready to welcome Ganga trip
कानपुर। गंगा यात्रा के समागम के लिए कानपुर में तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। बस अब इंतजार दोनों ही गंगा यात्राओं के कानपुर पहुंचने का है। दोनों गंगा यात्राओं में से एक बिजनौर से चली गंगा यात्रा गुरुवार देर शाम तक कानपुर में प्रवेश कर जाएगी तो वहीं दूसरी गंगा यात्रा शुक्रवार को कानपुर पहुंच जाएगी। 
दोनों ही गंगा यात्राओं का समागम कानपुर के गंगा बैराज पर होना है, जहां पर तैयारियां जिला प्रशासन द्वारा पूरी कर ली गई हैं। गंगा यात्रा के समागम के दौरान यात्रा के साथ उपमुख्यमंत्री केशवप्रसाद मौर्य, सिंचाई एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री बलदेव सिंह, जनशक्ति मंत्री डॉक्टर महेंद्र सिंह व कई अन्य मंत्री गुरुवार को देर शाम तक कानपुर के बिठूर पहुंच जाएंगे। 
 
गंगा यात्रा के समागम के दौरान उत्तरप्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पहुंचेंगे। कार्यक्रम में गृहमंत्री अमित शाह के भी आने की उम्मीद है। 
 
कलेक्टर डॉ. ब्रह्मदेव राम तिवारी ने बताया कि यात्रा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गंगा यात्रा में शामिल यात्रियों के स्वागत के लिए मानव श्रृंखला बनाई गई है, जो जगह-जगह पर गंगा यात्रा में शामिल यात्रियों का स्वागत करेगी। 
 
कानपुर के पत्थर घाट पर मां गंगा की आरती की तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि गंगा यात्रा के समागम स्थल पर 20 हजार 'गंगा लहरी' पुस्तकों का वितरण किया जाएगा। इन पुस्तकों को गीता प्रेस से मंगवा लिया गया है।
 
उन्होंने कहा कि अटल घाट पर 8 फुट का एक बैनर लगवाया गया है। इसमें गंगा की महिमा से जुड़े श्लोक अंकित हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीआईजी कानपुर अनंतदेव तिवारी ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था की सारी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। कड़े निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी प्रकार की चूक नहीं होनी चाहिए।