1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. उत्तर प्रदेश
  4. etawah people misbehaved with kathawachak

इटावा में जाति पूछकर कथावाचक को पीटा, सिर मुंडवाया, रगड़वाई नाक

kathawachak
etawah news in hindi : उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के दांदरपुर गांव में ब्राह्मण समुदाय के लोगों ने यादव जाति के एक कथा वाचक मुकुटमणि और उसके सहयोगी का सिर मुंडवा दिया। लोगों ने कथावाचक की पिटाई करते हुए उससे महिला यजमान के सामने नाक भी रगड़वाई। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आया जिस पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
 
बताया जा रहा है कि यह घटना रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि को हुई। इटावा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने पत्रकारों को बताया कि जिस व्यक्ति का सिर मुंडवाया गया था, उसकी शिकायत के आधार पर इटावा जिले के बकेवर थाने में मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है और अपर पुलिस अधीक्षक को घटना की जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एसएसपी ने बताया कि उक्त घटना के संबंध में दूसरे पक्ष का कहना है कि कथावाचकों ने उनसे जाति छिपाई।
 
पत्रकारों से बातचीत में पीड़ित कथा वाचक ने कहा कि मैं पहले एक निजी स्कूल संचालित करता था लेकिन सरकार ने स्कूल बंद करवा दिया, इसलिए मैं भागवत कथा करने लगा और कथा वाचक मुकुट मणि का सहायक बन गया। हमें 21 जून से दांदरपुर गांव में भागवत कथा के लिए बुलाया गया था। हमसे हमारी जाति पूछी गई। इसके बाद मुझे पूरी रात प्रताड़ित किया गया और मेरे बाल मुंडवा दिए गए।
 
इस घटना को लेकर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर 3 दिनों में कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो पीडीए के मान-सम्मान की रक्षा के लिए एक बड़े आंदोलन का आह्वान किया जाएगा। घटना को लेकर समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल पीड़ितों के साथ एसएसपी से मिला और उन्हें न्याय दिलाने की मांग की।
edited by : Nrapendra Gupta 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
मध्यप्रदेश में कोरोना के नए वैरिएंट की एंट्री, 28 मरीज संक्रमण की चपेट में, वैक्सीन का असर नहींं