एक दिन प्रदूषण हुआ है तो खत्म भी हो जाएगा... दिवाली पर ज्ञान देने वालों पर बरसे CM योगी, सपा-कांग्रेस को भी लपेटा
Yogi Adityanath Diwali Firecrackers: दीपावली के पर्व पर आतिशबाजी और प्रदूषण को लेकर ज्ञान बांटने वाले ज्ञानियों और सिस्टम को दशकों तक भ्रष्टाचार से प्रदूषित करने वाले सियासतदानों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने चिर-परिचित आक्रामक अंदाज में करारा जवाब दिया है। लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी के तीखे तेवर देखने को मिले। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि जनता ने धूम-धड़ाके से दिवाली मनाई, यह बहुत अच्छी बात है। जिन लोगों ने अपने कारनामों से पूरे सिस्टम को प्रदूषित कर रखा था, उन पर कोई उंगली नहीं उठाता, लेकिन दिवाली पर एक दिन जनता आतिशबाजी कर ले तो सब प्रदूषण का ढोल पीटने लगते हैं।
दीपावली की खुशियों पर ज्ञान देने वालों की खोली पोल
राजस्व विभाग के 1146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति-पत्र और 4300 लाभार्थियों को 215 करोड़ रुपए की सहायता राशि वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी का पारा चढ़ गया। उन्होंने दिवाली पर ज्ञान देने वाले गिरोह को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि आप लोगों ने दीपावली मनाई और बहुत सारे लोग कह रहे हैं कि इससे प्रदूषण हो गया। हमने कहा कि प्रदूषण हो गया तो समाप्त भी हो जाएगा, काहें चिंता कर रहे हो।
सीएम योगी ने कहा कि जिन लोगों ने अपने भ्रष्ट कारनामों से पूरे सिस्टम को प्रदूषित किया, उनको कोई नहीं बोलता और पब्लिक एक दिन आतिशबाजी कर ले तो प्रदूषण हो गया? हुआ है तो समाप्त भी हो जाएगा, यह कोई समस्या नहीं है। हमने कहा था कि खुशियों पर कोई प्रतिबंध नहीं लगेगा। मैं खुद अयोध्या में आतिशबाजी का साक्षी था।
सीएम योगी ने कहा कि जब कुछ गलत होता है तब यह गिरोह खामोश रहता है, लेकिन जैसे ही सनातन पर्व और त्योहारों पर लोग खुशियां मनाते हैं, वैसे ही इन लोगों को अचानक प्रदूषण याद आने लगता है।
समाजवादी पार्टी पर साधा निशाना
विपक्ष खासकर समाजवादी पार्टी पर सीधा हमला बोलते हुए सीएम योगी ने सपा और कांग्रेस को उत्तर प्रदेश की दुर्दशा का जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में पहचान का संकट खड़ा कर दिया गया था। सीएम ने कहा कि सपा सरकार ने दंगाइयों के लिए काल मानी जाने वाली यूपी पीएसी की 34 कंपनियों को खत्म कर दिया था। इसका नतीजा यह हुआ कि सपा के चार बार के शासनकाल में यूपी ने 1500 से ज्यादा दंगे झेले और महीनों तक सूबे में कर्फ्यू लगा रहता था।
योगी ने कहा कि आज स्थिति बदल चुकी है। इस बार धनतेरस और दिवाली पर पूरे यूपी के बाजारों में जो रौनक और चहल-पहल थी, वह सुरक्षा और सुशासन का प्रत्यक्ष प्रमाण है।

