1. समाचार
  2. व्यापार
  3. शेयर बाजार
  4. Stock market fell for third consecutive day

Share Bazaar में तीसरे दिन भी गिरावट, Sensex 572 अंक लुढ़का, Nifty भी रहा नुकसान में

Stock market fell for third consecutive day
Share Market Update News : शेयर बाजार में गिरावट सोमवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में जारी रही। बीएसई सेंसेक्स जहां 572 अंक लुढ़क गया, वहीं एनएसई निफ्टी 156 अंक के नुकसान में रहा। कोटक महिंद्रा बैंक में भारी बिकवाली और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर अनिश्चतता के बीच बाजार में गिरावट आई। इसके अलावा बजाज फाइनेंस, भारती एयरटेल, टाइटन, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचसीएल टेक और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर भी प्रमुख रूप से नुकसान में रहे। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने शुक्रवार को 1,979.96 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। शुक्रवार को सेंसेक्स 721.08 अंक टूटा था जबकि निफ्टी में 225.10 अंक की गिरावट आई थी।
 
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 572.07 अंक यानी 0.70 प्रतिशत की गिरावट के साथ 80,891.02 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 686.65 अंक तक लुढ़क गया था। पचास शेयरों वाला नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 156.10 अंक यानी 0.63 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,680.90 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर में 7.31 प्रतिशत की गिरावट आई। कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ जून तिमाही में 4,472 करोड़ रुपए रहा है। प्रतिकूल वृहद आर्थिक परिस्थितियों के कारण खुदरा वाणिज्यिक वाहन पोर्टफोलियो पर दबाव का संकेत है। इससे कंपनी के शेयर में बड़ी गिरावट आई।
 
इसके अलावा बजाज फाइनेंस, भारती एयरटेल, टाइटन, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचसीएल टेक और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर भी प्रमुख रूप से नुकसान में रहे। दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में हिंदुस्तान यूनिलीवर, एशियन पेंट्स, आईसीआईसीआई बैंक, पावर ग्रिड, एचडीएफसी बैंक और आईटीसी शामिल हैं।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 1,979.96 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। एशिया के अन्य बाजारों में, जापान का निक्की गिरावट के साथ बंद हुआ, जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में रहे।
 
यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में तेजी का रुख था। शुक्रवार को अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए थे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.91 प्रतिशत बढ़कर 69.05 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शुक्रवार को सेंसेक्स 721.08 अंक टूटा था जबकि निफ्टी में 225.10 अंक की गिरावट आई थी। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
Vivo V60 5G India Price : वीवो के धांसू स्मार्टफोन की कीमत का खुलासा, जानिए क्या हैं फीचर्स