1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Ujjain Sinhsth 2016, world's largest incense

उज्जैन के सिंहस्थ में महकेगी विश्व की सबसे बड़ी अगरबत्ती

Ujjain Sinhsth 2016
उज्जैन। मध्यप्रदेश के उज्जैन में आगामी 22 अप्रैल से प्रारंभ होने वाले सिंहस्थ मेला क्षेत्र पंचगव्य और 121 फीट लम्बी जड़ी-बूटियों से निर्मित विशाल अगरबत्ती की खुशबू से महकेगा। 
बड़ोदरा (गुजरात) के गौरक्षा प्रमुख बियाभाई भरवाड़ा ने संभवत: विश्व की सबसे 121 फुट ऊंची और साढ़े तीन फुट मोटाई की इस अगरबत्ती का निर्माण करवाया है। गौमूत्र, गोबर, दही, गाय का घी, चन्दन, कपूर के अलावा 21 आयुर्वेदिक जड़ी बूटियों से निर्मित यह अगरबत्ती श्री पंचदशनाम अखाड़ा के हठयोगी महन्त भोलागिरिजी महाराज की प्रेरणा से गौरक्षा के संकल्प के साथ निर्मित की गई है। 
 
बड़ोदरा में छह-सात महीने के अथक मेहनत से शुद्ध आयुर्वेद पद्धति से  निर्मित यह अगरबत्ती पूर्ण रूप से शुद्ध है। इसमें किसी भी प्रकार के केमिकल का कोई उपयोग नहीं किया गया है।
 
सूत्रों ने बताया कि लगभग चार टन वजनी इस अगरबत्ती से उज्जैन सिंहस्थ का मेला क्षेत्र महकेगा और श्रद्धालुओं के बीच अपनी अच्छी खुशबू बिखेरेगा। यह अगरबत्ती बड़ोदरा से 24 फरवरी को उज्जैन पहुंची। गौरक्षा अभियान के तहत यह अगरबत्ती श्री पंचदशनाम आह्वान अखाड़ा सदावल मार्ग बड़नगर रोड के पास रखी गई है। (वार्ता)