केजरीवाल की रैली से ठीक पहले मोगा में बड़ा हादसा! तेज धमाके के साथ फटी कॉफी मशीन
पंजाब के मोगा में आम आदमी पार्टी (AAP) की महारैली शुरू होने से ठीक पहले एक बड़ा हादसा हो गया। रैली स्थल पर चल रही तैयारियों के दौरान अचानक एक कॉफी मशीन में विस्फोट हो गया। इस दुर्घटना में मशीन का एक हिस्सा छिटककर वहां काम कर रहे एक व्यक्ति के सिर में जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया है।
यह हादसा मोगा-लुधियाना राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित नथुवाला जदीद गांव में हुआ, जहां पार्टी के स्थापना दिवस पर बड़ी रैली आयोजित की गई थी। मीडियाकर्मियों और वीवीआईपी मेहमानों के लिए बनाए गए ब्लॉक में कॉफी मशीन लगाई गई थी। अत्यधिक प्रेशर बनने के कारण मशीन अचानक जोरदार धमाके के साथ फट गई।
2027 विधानसभा चुनाव का शंखनाद करेगी 'आप'
इस महारैली के जरिए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान राज्य में 2027 के विधानसभा चुनाव अभियान की औपचारिक शुरुआत करने जा रहे हैं। रैली के मंच से अरविंद केजरीवाल पंजाब की खुशहाली के लिए पार्टी का नया रोडमैप पेश करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री मान अपनी सरकार के पांच साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखेंगे।
पार्टी के पंजाब मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने इसे राज्य की राजनीति में एक 'नया अध्याय' करार दिया है। उनके अनुसार, इस कार्यक्रम में केजरीवाल और मान के साथ पूरी कैबिनेट तथा पार्टी की वरिष्ठ लीडरशिप शिरकत करेगी।
विपक्ष पर हमला और सरकार की उपलब्धियों पर फोकस
रैली के दौरान आम आदमी पार्टी एक तरफ जहां अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं को भुनाने की कोशिश करेगी, वहीं केंद्र और विपक्षी दलों को भी घेरेगी। पार्टी शिक्षा और स्वास्थ्य सुधार, मोहल्ला क्लीनिक, महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा और 10 लाख रुपये तक के स्वास्थ्य बीमा जैसी योजनाओं को अपनी प्रमुख उपलब्धियों के रूप में पेश कर जनता से समर्थन मांगेगी।
रैली में केंद्र सरकार पर पंजाब के पानी, चंडीगढ़ और राज्य के फंड को लेकर भेदभाव करने के आरोप उठाए जाने की संभावना है। इसके साथ ही शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के गठबंधन पर भी तीखा हमला बोला जाएगा।

