1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Kejriwal on MCD bypoll election results

एमसीडी उप चुनावों में आप की शानदार जीत, केजरीवाल ने दी मतदाताओं को बधाई

MCD bypoll election results
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के उप चुनावों में आम आदमी पार्टी (AAP) के भारी जीत दर्ज करने पर खुशी व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री एवं आप के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने मतदाताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा है कि दिल्ली की जनता ने एक बार फिर ‘काम के नाम’ पर मतदान किया है।
 
केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, 'दिल्ली के लोगों ने एक बार फिर ‘काम के नाम’ पर वोट दिया है। सबको बधाई। एमसीडी में 15 साल के भाजपा के कुशासन से जनता परेशान हो चुकी है। लोग अब एमसीडी में भी आप की सरकार बनाने के लिए बेताब हैं।'
 
उप मुख्यमंत्री एवं आप के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने इन उप चुनावों के नतीजों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, 'एमसीडी उप चुनावों में पांच में से चार वार्डों पर जीत हासिल करने पर आप कार्यकर्ताओं को बधाई। भाजपा के शासन से दिल्ली की जनता अब दुखी हो चुकी है। अगले साल होने वाले एमसीडी चुनावों में जनता अरविंद केजरीवाल जी की ईमानदार और काम करने वाली राजनीति को लेकर आएगी।'
 
गौरतलब है कि दिल्ली नगर निगम के पांच वार्डों पर हुए उप चुनावों के आज घोषित नतीजों के अनुसार चार पर आप और एक पर कांग्रेस ने जीत हासिल की है। भाजपा का इन उप चुनावों में खाता भी नहीं खुल सका है। दिल्ली के तीनों नगर निगमों पर भाजपा का कब्जा है। (वार्ता) 
अगला लेख
बड़ी खबर, तापसी पन्नू, अनुराग कश्यप के यहां इनकम टैक्स का छापा