शनिवार, 14 सितम्बर 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. 3 women and 1 girl found dead in a well in Sagar district
Last Updated : शनिवार, 14 सितम्बर 2024 (16:30 IST)

सागर जिले में सनसनीखेज मौत का मामला, कुएं में 3 महिलाएं और 1 लड़की मृत मिलीं

सागर जिले में सनसनीखेज मौत का मामला, कुएं में 3 महिलाएं और 1 लड़की मृत मिलीं - 3 women and 1 girl found dead in a well in Sagar district
3 women and 1 girl died: मध्यप्रदेश के सागर (Sagar) जिले में शनिवार सुबह एक ही परिवार की 3 महिलाएं और 1 बच्ची कुएं में मृत मिलीं। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने भोपाल (Bhopal) में बताया कि मृतकों में से 2 बहनें कुएं के अंदर रस्सियों से लटकी पाई गईं और यह रस्सी पास के लकड़ी के खंभे से बंधी थी। उन्होंने कहा कि लड़कियों की एक बहन और मां का शव पानी में उतराता मिला।
 
उन्होंने बताया कि देवरी पुलिस थाना क्षेत्र के अतंर्गत एक स्थान पर यह घटना हुई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) लोकेश सिन्हा ने बताया कि कल रात खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य सोने चले गए। जब ​​मृतक महिलाओं में से एक का पति उठा तो उसने उसे वहां नहीं पाया।

 
उन्होंने कहा कि व्यक्ति ने पत्नी को तलाश किया तो उसे कुएं के अंदर रस्सी से लटका पाया। सिन्हा ने बताया कि कुल 3 महिलाएं और 1 बच्ची मृत पाई गई है और कुएं से उनके शव बाहर निकाल लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले के सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

 
राज्य आपदा आपात प्रतिक्रिया बल (एसडीईआरएफ) के एक अधिकारी ने बताया कि एजेंसी को कुएं में शवों के होने की सूचना सुबह करीब 7.30 बजे मिली। उन्होंने कहा कि मौके पर पहुंची एसडीईआरएफ की टीम ने 2 शवों को रस्सी से लटका हुआ जबकि 1 अन्य महिला का शव कुएं में उतराता हुआ पाया।
 
उन्होंने कहा कि 6 साल की 1 बच्ची का शव भी पानी में उतराता मिला। पुलिस सूत्रों के अनुसार इस घटना में 2 बहनों और उनमें से 1 की बच्ची तथा उनकी (बहनों की) मां की मौत हो गई है। उन्होंने कहा कि दोनों महिलाओं ने 2 भाइयों से शादी की थी।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta
ये भी पढ़ें
हिन्दी दिवस पर बोले गृहमंत्री अमित शाह, हिन्दी एवं अन्य भाषाओं में कोई प्रतिस्पर्धा नहीं, वे सखियां