भारतीय युवक पर नस्ली हमला
ND
ब्रिटेन के एडिनबर्ग में 21 साल के एक भारतीय युवक को उस वक्त नस्ली हमले का शिकार होना पड़ा जब वह एक युवती को पाँच गुंडों से बचाने की कोशिश कर रहा था।
युवती के साथ छेड़खानी कर रहे पाँचों युवकों ने भारतीय युवक की पिटाई तो की ही साथ में नस्ली टिप्पणी भी की। पुलिस ने इस हमले को ‘डरावना हमला’ करार दिया।
‘एडिनबर्ग ईवनिंग न्यूज’ की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि शहर के कपड़े की एक दुकान में काम करने वाले पंकज रावत को युवती के साथ छेड़खानी करने वाले युवकों ने वेबरली ब्रिज पर पीटा और नस्ली टिप्पणी की।
रिपोर्ट में कहा गया कि शनिवार की रात जब पंकज ने अपने घर जाने के दौरान युवती का बचाव करने के लिए दखल दिया तो उस पर नस्ली टिप्पणी की गई और घूँसा मार कर जमीन पर गिरा दिया गया। उसे हमलावरों ने बुरी तरह पीटा।
अखबार ने पंकज के हवाले से लिखा है ‘मैं अपने दोस्त के मूड स्थित घर एक पार्टी में गया था और एक अन्य दोस्त के साथ टॉलक्रॉस स्थित अपने घर लौट रहा था। जब हम वेबरली ब्रिज पार कर रहे थे तो मैंने दो स्कॉटिश युवकों को एक युवती पर फिकरा कसते देखा। उनमें से एक युवक लड़की को खींच कर उसे चूमने की कोशिश कर रहा था और वह मदद के लिए चिल्ला रही थी।’
पंकज ने कहा ‘मैंने युवकों से कहा कि वे लड़की को छोड़ दें वरना मैं पुलिस को बुलाऊँगा। जो युवक लड़की को खींच रहा था वह मेरे पास आया और मुझसे पूछा कि मैं कहाँ का रहने वाला हूँ। मैंने उससे कहा कि मैं भारत से हूँ और वह मुझ पर चिल्लाने लगा ‘... भारतीय...’ ।’
पंकज ने युवक से कहा कि वह कोई समस्या खड़ी नहीं करना चाहता है लेकिन वह युवती के साथ ऐसा नहीं कर सकता। ‘उसने मुझ पर कई नस्ली टिप्पणी की और गाल पर घूँसा मारा। दूसरी बार घूँसा खाकर मैं जमीन पर गिर गया।’ करीब 18 महीने पहले ब्रिटेन आए पंकज को अस्पताल में भर्ती कराया जहाँ उसके जख्मी जबड़े में मेटल प्लेट लगाना पड़ा। घटना के बाद पंकज को नौकरी से भी हाथ धोना पड़ा क्योंकि उसके वरिष्ठ अधिकारियों ने जख्म से उबरने के लिए चार हफ्ते की छुट्टी देने से इंकार कर दिया। (भाषा)

