भारतीय पर एक हजार पाउंड हर्जाना
ND
भारतीय मूल के एक कम्प्यूटर विशेषज्ञ शांतनु रॉय को शराब पीकर लिवरपूल से मैनचेस्टर जा रही ट्रेन में एक महिला को बुरी तरह घूरने और एक सांकेतिक यौन क्रिया प्रदर्शित करने के लिए गिरफ्तार कर एक हजार पाउंड हर्जाना देने को कहा गया है।
मैनचेस्टर से मिली खबरों के अनुसार दो बच्चों के पिता 38 वर्षीय रॉय ने अप्रैल महीने में रात में ट्रेन में सवार होने से पहले शराब पी थी और उसने महिला को 15 मिनट तक लगातार घूरने के बाद इस तरह प्रदर्शन किया। उस वक्त ट्रेन में रॉय और इस महिला के अलावा सिर्फ एक महिला मौजूद थी, जो सो रही थी।
रॉय ने सार्वजनिक स्थल की शालीनता भंग करने के आरोप को स्वीकार कर लिया और उन्हें तीन महीने की सामुदायिक सेवा और यौन अपराध उपचार कार्यक्रम में भाग लेने की सजा दी गई है। उनके वकील ने कहा कि वह खुद को यौन अपराध के बजाय पतनशील व्यवहार का दोषी मानते हुए शर्मिंदा हैं और भविष्य में इसे कभी भी नहीं दोहराएंगे।(भाषा)

