बम धमाके में दो भारतीय मृत
FILE
सीरिया-इराक सीमा पर बम धमाके में दो भारतीयों के मारे जाने की घटना के बाद भारत ने मंगलवार को अपने नागरिकों से कहा कि वे सीरिया की गैरजरूरी यात्रा से बचें।
विदेश मंत्रालय ने यहां एक बयान में कहा कि सीरिया के हालात को देखते हुए भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे फिलहाल सीरिया की गैरजरूरी यात्रा से बचें। बयान में उस दुखद हादसे के बारे में बताया गया, जिसमें सीरिया-इराक सीमा पर बम विस्फोट में दो भारतीय नागरिकों की मौत हो गई। इस घटना को ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह परामर्श जारी किया है।
रविवार की शाम सीरिया-इराक सीमा पर एक विस्फोट में जो लोग मारे गए, उनमें नागपुर की रहने वाली सात वर्ष की एक लड़की और पुणे का एक व्यक्ति शामिल है। ये लोग भारतीय तीर्थयात्रियों के उस दल का हिस्सा थे, जो मध्य इराक के मुकद्दस शहर करबला की यात्रा पर जा रहे थे। (भाषा)

