1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. winter-border-infiltration-security-alert-jammu

सर्दियों से पहले सीमा पर घुसपैठ की चुनौती, सुरक्षा ग्रिड अलर्ट, 2 घुसपैठिए ढेर

इस साल 8 कोशिशें नाकाम, पुंछ में चार संदिग्ध घुसपैठियों की मौत और सुरनकोट में हथियार बरामदगी से बढ़ी सतर्कता

pakistan troops exchange brief fire along kashmir loc
सर्दियों की आहट के साथ जम्मू कश्मीर में सीमा पार से घुसपैठ की आशंकाओं ने सुरक्षा एजेंसियों की चुनौती बढ़ा दी है। हाल में पुंछ के कृष्णा घाटी सेक्टर में बारूदी सुरंग विस्फोट में चार संदिग्ध घुसपैठियों के मारे जाने और सुरनकोट में आतंकी ठिकाने से एके-47 राइफल, छह हथगोले व 30 कारतूस बरामद होने के बाद सीमावर्ती इलाकों में निगरानी और तलाशी अभियान अहम हो गए हैं।
 
सेना, बीएसएफ और जम्मू कश्मीर पुलिस के सामने चुनौती सिर्फ सीमा पर घुसपैठ रोकने की नहीं, बल्कि घुसपैठ के बाद जंगलों में छिपने वाले आतंकियों और उनके संभावित मददगारों के नेटवर्क को भी निष्क्रिय करने की है। शनिवार 17 अक्टूबर को भी सुरक्षाबलों ने 2 घुसपैठियों को ढेर कर दिया। 

इस साल घुसपैठ की 8 कोशिशें नाकाम

जानकारी के लिए इस साल अभी तक एलओसी पर घुसपैठ के आठ प्रयास नाकाम किए जा चुके हैं। जबकि रिपोर्टों के अनुसार, इस साल इस समय तक जम्मू कश्मीर में एलओसी और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ की 8 कोशिशों को नाकाम किया जा चुका था। ये घटनाएं सांबा, सुंदरबनी, भींबर गली, नौशहरा, उड़ी, पुंछ और राजौरी सहित विभिन्न क्षेत्रों में सामने आई थीं।
 
रक्षा मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ के छह प्रयास 2025 में दर्ज किए गए थे। इससे पहले 2021 में आठ, 2022 में 12, 2023 में 18 और 2024 में 10 प्रयास दर्ज हुए थे। आंकड़े बताते हैं कि कोशिशों की संख्या घटने-बढ़ने के बावजूद खतरे को खारिज नहीं किया जा सकता।
 
सीमा बाड़, निगरानी उपकरणों, गश्त और खुफिया सूचनाओं पर आधारित अभियानों के साथ सुरक्षा एजेंसियों को अंतरराष्ट्रीय सीमा पर ड्रोन से हथियार और नशीले पदार्थ पहुंचाने की आशंकाओं से भी निपटना पड़ रहा है। पहाड़ी इलाकों में कोहरा और बर्फबारी निगरानी तथा आवाजाही को कठिन बना सकते हैं। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियों के लिए सर्दियों के दौरान चौकसी बनाए रखना और संभावित घुसपैठ के बाद त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना निर्णायक होगा।

ऑपरेशन में दो घुसपैठिए आतंकी मारे गए

उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में एलओसी के पास जारी आपरेशन में दो घुसपैठिए आतंकी मारे गए। सर्दियां शुरू होने और बर्फबारी के बाद उस पार से यह घुसपैठ का पहला प्रयास बताया जा रहा है। रक्षा सूत्रों ने बताया कि शनिवार को उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास चल रहे एक ऑपरेशन के दौरान दो आतंकवादी मारे गए। उन्होंने बताया कि केरन सेक्टर के जुमागुंड इलाके में सैनिकों ने कुछ संदिग्ध गतिविधि देखी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। सैनिकों ने उन्हें चुनौती दी, जिसके जवाब में गोलीबारी हुई।
 
रक्षा विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि तड़के करीब 3:30 बजे केरन सेक्टर के जुमागुंड इलाके में एलओसी के पास मुठभेड़ शुरू हो गई। दो आतंकवादी मारे गए हैं। तलाशी अभियान जारी है।
लेखक के बारे में
सुरेश एस डुग्गर
सुरेश डुग्गर वेबदुनिया के लिए जम्मू कश्मीर से समाचार संकलन के लिए अधिकृत हैं। वे तीन दशक से ज्यादा समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं।.... और पढ़ें
अगला लेख
गरबा पांडाल में 15 वर्षीय किशोरी से दुर्व्यवहार, BJP मंडल अध्यक्ष कमल चौहान को कारण बताओ नोटिस