गरबा पांडाल में 15 वर्षीय किशोरी से दुर्व्यवहार, BJP मंडल अध्यक्ष कमल चौहान को कारण बताओ नोटिस
मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के प्रसिद्ध कनकेश्वरी गरबा पंडाल में 15 वर्षीय किशोरी के साथ कथित दुर्व्यवहार, धक्का-मुक्की और मारपीट के मामले में भाजपा मंडल अध्यक्ष कमल सिंह चौहान पर संगठन ने कड़ा रुख अपनाते हुए कार्यालय तलब किया और कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
पंडाल में दुर्व्यवहार का आरोप
मिली जानकारी के अनुसार, कनकेश्वरी परिसर में आयोजित गरबा कार्यक्रम के दौरान 15 वर्षीय बालिका के साथ कथित रूप से अभद्रता और धक्का-मुक्की की गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मंडल अध्यक्ष कमल चौहान द्वारा मारपीट भी की गई। यह भी खबर है कि पीड़िता की शिकायत और परिजनों के विरोध के बाद हीरानगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है।
प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर भाजपा कार्यालय तलब
मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने पूरे घटनाक्रम पर सख्त निर्देश दिए। प्रदेश नेतृत्व के निर्देश के बाद मंडल अध्यक्ष कमल सिंह चौहान को तत्काल भाजपा नगर कार्यालय तलब किया गया। भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने इस पूरे घटनाक्रम पर संगठन की ओर से अत्यधिक नाराजगी व्यक्त की।
कारण बताओ नोटिस जारी
भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने स्पष्ट किया कि अनुशासनहीनता और इस तरह के आचरण को पार्टी कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। संगठन की ओर से कमल सिंह चौहान को औपचारिक 'कारण बताओ नोटिस' जारी किया गया है। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि नोटिस के जवाब और पुलिस जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ आगे की दंडात्मक संगठनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

