1. समाचार
  2. वेबदुनिया सिटी
  3. इंदौर
  4. Allegations of ragging of MBBS students in MGM Indore

आधी रात को छात्रों को बाहर बुलाया, दरवाजे पीटे, MGM इंदौर में MBBS छात्रों से रैगिंग के आरोप, NMC ने मांगी रिपोर्ट

Allegations of ragging of MBBS students in MGM Indore
इंदौर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज में फर्स्ट ईयर एमबीबीएस छात्रों से रैगिंग की शिकायत की खबर है। मामला सामने आने के बाद एक बार फिर से इसे लेकर सुर्खियां चल रही हैं। नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) के एंटी-रैगिंग सेल को की गई शिकायत के बाद कॉलेज प्रबंधन से 24 घंटे में रिपोर्ट मांगी गई है।

दरअसल, शिकायत में पहले साल के छात्रों ने आरोप लगाया है कि रात करीब 1 से 3 बजे के बीच सीनियर छात्र उनके हॉस्टल में पहुंचे और कमरों के दरवाजे खुलवाने के लिए लगातार पीटते रहे। डर के कारण छात्रों ने दरवाजे नहीं खोले।

शिकायत के मुताबिक उस समय हॉस्टल में सुरक्षाकर्मी मौजूद था, लेकिन उसने सीनियर छात्रों को अंदर आने से नहीं रोका। आरोप है कि सीनियर छात्रों ने जूनियर छात्रों को बाहर बुलाने का भी प्रयास किया।

छात्रों ने यह भी आरोप लगाया है कि गणपति उत्सव के दौरान उन्हें एक मीटिंग के लिए बुलाया गया था, जहां उनके मोबाइल फोन ले लिए गए थे। शिकायत में रैगिंग से जुड़े नियमों और हाईकोर्ट के निर्देशों का हवाला देते हुए कार्रवाई की मांग की गई है।

शिकायत मिलने के बाद कॉलेज प्रशासन ने संबंधित हॉस्टल की CCTV फुटेज निकलवाने और मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। सोमवार को एंटी-रैगिंग कमेटी की बैठक हुई। इसमें फर्स्ट ईयर के सभी विद्यार्थियों को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया।

प्रबंधन अब ब्लॉक नंबर छह में लगे CCTV कैमरों की उस रात की फुटेज की जांच करेगा। शिकायत में घटना का समय रात 1 से 3 बजे के बीच बताया गया है। फुटेज में यदि कोई सीनियर छात्र हॉस्टल में प्रवेश करता या छात्रों को बुलाने का प्रयास करता नजर आता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अगला लेख
यूपी की राजनीति में उतरेंगी पूर्व IAS दिव्या मित्तल, क्या होगा अगला कदम? राजभर ने साधा निशाना