नवरात्र में वैष्णो देवी पहुंचे 3.81 लाख श्रद्धालु, क्या इस साल टूटेगा 2012 का रिकॉर्ड?
शारदीय नवरात्र में माता वैष्णो देवी के दरबार में श्रद्धालुओं की आमद बढ़ी है, लेकिन सालाना यात्रा को एक करोड़ तक पहुंचाने का लक्ष्य अब भी चुनौती बना हुआ है। 11 से 19 अक्टूबर तक करीब 3.81 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे। वहीं, जनवरी से सितंबर 2026 तक कुल 73.38 लाख श्रद्धालु यात्रा कर चुके थे।
श्राइन बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, नवरात्र के पहले आठ दिनों में 3.62 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। 11 अक्टूबर को 47,574, 12 अक्टूबर को 48,400 और 13 अक्टूबर को 46,558 श्रद्धालु पहुंचे। 17 अक्टूबर को 48,500 और 18 अक्टूबर को 47,700 श्रद्धालुओं ने यात्रा की।
सालाना एक करोड़ का आंकड़ा पार करने के लिए अक्टूबर से दिसंबर तक करीब 26.62 लाख और श्रद्धालुओं का पहुंचना जरूरी होगा। हालांकि, ऐतिहासिक रिकॉर्ड तोड़ने की चुनौती इससे बड़ी है। वर्ष 2012 में 1,04,95,269 श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए थे। इस रिकॉर्ड को पार करने के लिए 2026 में यात्रा संख्या 1.05 करोड़ से अधिक होनी चाहिए।
पिछले वर्ष यात्रा में गिरावट दर्ज की गई थी। श्राइन बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, 2024 में 94.84 लाख के मुकाबले 2025 में 69.79 लाख श्रद्धालु पहुंचे। पर्यटन मंत्रालय के एक संसदीय जवाब में 2025 की संख्या 69.33 लाख बताई गई थी।
इस बार नवरात्र की भीड़ और सितंबर तक की यात्रा संख्या से उम्मीदें बढ़ी हैं, लेकिन सालाना एक करोड़ का लक्ष्य और पुराना रिकार्ड टूटने की संभावना का आकलन अंतिम तीन महीनों के आंकड़ों से ही होगा।

