dharma sangrah
Fri, 13 Nov 2026

Notifications

  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Nitish Kumar sworn-in as Bihar CM

बिहार में फिर नीतीश सरकार, मोदी बने उपमुख्यमंत्री

Nitish Kumar
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर नीतीश कुमार ने गुरुवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। नीतीश के साथ ही वरिष्ठ भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी ने भी उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
 
राजभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी ने नीतीश कुमार एवं सुशील कुमार मोदी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
 
इस मौके पर केन्द्रीय मंत्री जे.पी.नड्डा और भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अनिल जैन के अलावा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय, जदयू प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह के अलावा राजग के कई सांसद, विधायक समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के कार्यकर्ताओं ने 'नीतीश कुमार जिंदाबाद' के नारे लगाए। वहीं मोदी के मंत्री पद की शपथ लेने के बाद उत्साहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने 'जय श्री राम, भारत माता की जय और वंदे मातरम' के नारे लगाए। शपथ ग्रहण समारोह में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस का कोई नेता मौजूद नहीं था।
 
शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि उन्होंने बिहार के हित में फैसला लिया। उनकी जवाबदेही बिहार के लोगों और राज्य के विकास के प्रति है। बिहार के विकास के लिए वह काम करते रहेंगे। उन्होंने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के आरोपों के संबंध में पूछे जाने पर कहा कि वक्त आने पर वह सबको जवाब देंगे।
 
उप मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी संभालने जा रहे मोदी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ उनके संबंध कभी खराब नहीं थे। इसलिए सरकार चलाने में न पहले कभी दिक्कत हुई थी और न आगे कोई दिक्कत आयेगी। उन्होंने कहा कि अब केन्द्र और बिहार में एक ही गठबंधन की सरकार है जिसका लाभ राज्य को मिलेगा और बिहार तेजी से विकास करेगा। (वार्ता)
ये भी पढ़ें
रामेश्वरम में पीएम मोदी, कलाम स्मारक का किया उद्घाटन...