1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. monsoon-heavy-rainfall-alert-gujarat-cloudburst-rajasthan-mp-weather-update

Monsoon Update: गुजरात में 1 दिन में 22 इंच बारिश, 23 राज्यों में भारी वर्षा का अलर्ट

weather update 4 july
Weather Update 4 July : मध्यप्रदेश, गुजरात, राजस्थान और महाराष्‍ट्र समेत कई राज्यों में दक्षिण पश्चिमी मानसून मेहरबान नजर आ रहा है। भारी बारिश की वजह से सड़कों पर पानी भरा हुआ है। गुजरात के मांगरोल में बादल फटने से 22.24 इंच बारिश हो गई। जयपुर में तेज बारिश के बाद सवाई मान सिंह अस्पताल के ट्रामा सेंटर में पानी भर गया। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि केंद्र सरकार 'अल नीनो' प्रभाव के कारण देश के कुछ हिस्सों में सामान्य से कम बारिश और संभावित सूखे की स्थिति से उत्पन्न हालात पर लगातार नजर रख रही है।
 

ओडिशा-पश्चिम बंगाल में निम्न दबाव का क्षेत्र

मौसम विभाग ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी ओडिशा-पश्चिम बंगाल के तटों पर बना 'सुस्पष्ट निम्न दबाव का क्षेत्र' आज भी उसी क्षेत्र में बना हुआ है। इसके अगले 3 दिनों के दौरान उत्तरी ओडिशा और उत्तरी छत्तीसगढ़ से होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की प्रबल संभावना है।

इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, गुजरात, महाराष्ट्र, ओडिशा और मध्य प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा (7-20 सेमी) के साथ कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी वर्षा (>20 सेमी) होने की प्रबल संभावना है। कर्नाटक, छत्तीसगढ़, राजस्थान और तेलंगाना में भी अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, असम, मेघालय, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, केरल, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, उत्तराखंड और राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।

भारी बारिश से गुजरात पानी-पानी

गुजरात में पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुल 225 तालुकाओं में भारी बारिश दर्ज की गई है। राज्य में सबसे ज्यादा बारिश सौराष्ट्र के मांगरोल में 22.24 इंच दर्ज की गई। इसके अलावा मालिया हाटिना में 14.09 इंच, वघई में 13.43 इंच, सुबीर में 13.23 इंच और अंबिका क्षेत्र में 13.19 इंच बारिश हुई है। केशोद में 12.08 इंच, मेंदरडा में 12.56 इंच और पाटन-वेरावल में 8.50 इंच बारिश दर्ज की गई है। इस मूसलाधार बारिश के कारण स्थानीय नदियों, नालों और जलाशयों में बड़े पैमाने पर नए पानी की आवक हुई है, जिससे बांधों का जलस्तर काफी बढ़ गया है।
 
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में भी दक्षिण गुजरात, सौराष्ट्र और उत्तर गुजरात के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा। प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान बेवजह बाहर न निकलने, जरूरी सावधानी बरतने और मौसम विभाग के आधिकारिक अपडेट्स पर नजर रखने की अपील की है।

इंदौर-देवास में मानसून मेहरबान

लेट एंट्री के बाद इंदौर, देवास, खंडवा समेत मध्य प्रदेश के कई जिलों में मानसून मेहरबान नजर आ रहा है। उज्जैन और इसके आसपास हो रही अच्छी बारिश की वजह से शिप्रा नदी भी उफान पर है। घाट पर पहुंचे पानी में कई छोटे मंदिर डूब गए। मौसम विभाग ने इंदौर संभाग में आज भी भारी बारिश की चेतावनी दी है।
 

क्या है राजस्थान का हाल?

राजस्थान में करीब एक सप्ताह की देरी से पहुंचे मानसून की वजह से 22 जिलों में जमकर वर्षा हुई। भीलवाड़ा, बांसवाड़ा और चित्तौड़गढ़ में करीब ढाई इंच वर्षा दर्ज की गई। डूंगरपुर में आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जयपुर स्थित सवाई मानसिंह अस्पताल में भी बारिश का पानी ट्रामा सेंटर में घूस गया। माइनर ओटी के मरीजों को भी दूसरे वार्ड में स्थानांतरित किया गया।
लेखक के बारे में
नृपेंद्र गुप्ता
नृपेंद्र गुप्ता पिछले 21 वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं। प्रिंट एवं डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य का अनुभव। वर्तमान में वेबदुनिया की न्यूज टीम में सहायक संपादक के रूप में कार्यरत हैं।   अनुभव : नृपेंद्र गुप्ता 2 दशक से ज्यादा समय से प्रिंट एवं डिजिटल मीडिया में कार्य.... और पढ़ें