1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Big operation by Gujarat ATS, 8 Jaish e Mohammed terrorists arrested

गुजरात ATS का बड़ा ऑपरेशन, रथयात्रा से पहले जैश के 8 आतंकी गिरफ्तार

Big operation by Gujarat ATS, 8 Jaish e Mohammed terrorists arrested
Big operation by Gujarat ATS : आगामी 16 जुलाई को आयोजित होने वाली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के मद्देनजर गुजरात पुलिस इस समय सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर रही है और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रख रही है। इसी सतर्कता के बीच गुजरात एंटी-टेररिज्म स्क्वाड (ATS) ने एक बड़ा ऑपरेशन चलाते हुए प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से कथित तौर पर जुड़े 8 संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार कर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक चाक-चौबंद कर दिया है।
 

2 राज्यों के विभिन्न इलाकों में एकसाथ छापेमारी

आतंकवाद विरोधी इस विशेष अभियान के तहत गुजरात ATS की अलग-अलग टीमों ने बेहद गोपनीयता के साथ इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। यह कार्रवाई सिर्फ गुजरात तक ही सीमित नहीं थी, बल्कि जांच एजेंसी द्वारा गुजरात और पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के विभिन्न संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ छापेमारी करके इस बड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया गया है।

पालनपुर, सिद्धपुर और चिखली से दबोचे गए संदिग्ध

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस संयुक्त ऑपरेशन में बनासकांठा के पालनपुर से 3 और पाटन जिले के ऐतिहासिक शहर सिद्धपुर से 3 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा, दक्षिण गुजरात के नवसारी जिले के चिखली से 1 और मध्य प्रदेश के देवास इलाके से 1 व्यक्ति को ATS की टीम ने अपनी हिरासत में लिया है।

जैश-ए-मोहम्मद के लिए नेटवर्क खड़ा करने की थी योजना

प्रारंभिक पूछताछ और जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि पकड़े गए सभी आरोपी प्रतिबंधित संगठन जैश-ए-मोहम्मद के लिए स्थानीय स्तर पर एक सक्रिय नेटवर्क बनाने का प्रयास कर रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि वे नए युवाओं से संपर्क कर संगठन की देश विरोधी गतिविधियों को और अधिक विस्तार देने के लिए गुप्त रूप से काम कर रहे थे।

इलेक्ट्रॉनिक सबूतों की जांच और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन का संदेह

फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे मामले की बेहद गहराई से जांच कर रही हैं। पकड़े गए आरोपियों के पास से बरामद किए गए मोबाइल, लैपटॉप जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। इन आरोपियों के तार अन्य राज्यों या अंतरराष्ट्रीय आतंकी नेटवर्क से जुड़े हैं या नहीं, इस दिशा में भी जांच तेज कर दी गई है। इस संबंध में जल्द ही ATS द्वारा आधिकारिक तौर पर बड़ा खुलासा किए जाने की संभावना है।
लेखक के बारे में
चेतन गौड़
चेतन गौड़ पिछले 30 वर्षों से मीडिया क्षेत्र से जुड़े हुए हैं। उन्‍होंने प्रिंट मीडिया से अपने करियर की शुरुआत 'नईदुनिया' समेत विभिन्‍न समाचार पत्रों एवं संस्‍थान में प्रूफ रीडर के रूप में की थी। साल 2012 से वे विश्व के पहले हिन्दी पोर्टल Webdunia की न्यूज टीम में सीनियर.... और पढ़ें