सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी 10 रुपए घटाई, क्या कम होंगी कीमतें?
Petrol Diesel Excise Duty : मिडिल ईस्ट संकट के बीच मोदी सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए पेट्रोल डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में कटौती कर दी। पेट्रोल और डीजल पर 10 रुपए एक्साइज ड्यूटी घटाई गई। हालांकि एक्साइज ड्यूटी घटने से पेट्रोल और डीजल के दाम घटने की संभावना नहीं है। इस फैसले से आम आदमी पर वैश्विक स्तर पर बढ़े दामों का असर नहीं होगा। ALSO READ: लॉकडाउन पर सरकार का बड़ा बयान: हरदीप पुरी बोले- कोई योजना नहीं, अफवाहों से बचें
सरकार ने पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी उत्पाद शुल्क 13 रुपए प्रति लीटर से घटाकर 3 रुपए प्रति लीटर कर दिया है और डीजल पर उत्पाद शुल्क 10 रुपए प्रति लीटर से घटाकर शून्य कर दिया है।
गौरतलब है कि ईरान युद्ध के कारण कच्चे तेल के दाम 100 डॉलर प्रति बैरल के पार हो गए। पेट्रोल और डीजल की कीमत बढ़ने से रोकने के लिए ये कदम मोदी सरकार ने उठाया है। इससे तेल कंपनियों और लोगों की जेब पर पड़ने वाला बोझ कम होगा।
भारत ने अगले 60 दिन के लिए अन्य स्रोतों से पर्याप्त कच्चे तेल की आपूर्ति सुरक्षित कर ली है। पेट्रोलियम मंत्रालय का कहना है कि देश भर के सभी पेट्रोल पंप पर पर्याप्त भंडार है और वे सामान्य रूप से काम कर रहे हैं।
क्या बोले मोदी के मंत्री
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा कि वैश्विक स्थिति अभी भी अनिश्चित बनी हुई है, और हम ऊर्जा, सप्लाई चेन और ज़रूरी वस्तुओं से जुड़े हालात पर लगातार नज़र बनाए हुए हैं।
उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि देश में ईंधन, ऊर्जा और अन्य आवश्यक चीज़ों की आपूर्ति बिना किसी रुकावट के जारी रहे। हर संभावित चुनौती से निपटने के लिए हम पूरी तरह तैयार हैं। भारत ने पहले भी वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच अपनी मज़बूती दिखाई है, और आगे भी हम समय पर, सक्रिय और समन्वित तरीके से कदम उठाते रहेंगे।
पुरी ने कहा कि लॉकडाउन को लेकर फैल रही अफवाहें पूरी तरह गलत हैं। मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि सरकार के स्तर पर ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। ऐसे समय में जरूरी है कि हम सभी शांत, ज़िम्मेदार और एकजुट रहें। इस तरह की स्थिति में अफवाह फैलाना और बेवजह डर का माहौल बनाना गैर-जिम्मेदाराना और हानिकारक है।
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा, 'चल रही उथल-पुथल के बीच, PM नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी को 13 रुपए प्रति लीटर से घटाकर 3 रुपए प्रति लीटर और डीजल पर 10 रुपए प्रति लीटर से घटाकर नील (ज़ीरो) करने का बहुत हिम्मत वाला और संवेदनशील फैसला लेकर आम आदमी को बड़ी राहत दी है। जैसे कोविड महामारी के दौरान भारत ने बाकी दुनिया के लिए एक मिसाल कायम की थी, वैसे ही आज के समय में भी PM मोदी ने रास्ता दिखाया है।'In the midst of the ongoing turmoil, PM Sh @NarendraModi has once again risen to the occasion by taking a highly courageous and sensitive decision to reduce the excise duty on petrol to Rs 3 per litre from Rs 13 per litre and on diesel to Nil (Zero) from Rs 10 per litre… pic.twitter.com/vudsvsaQhJ
— Dr Jitendra Singh (@DrJitendraSingh) March 27, 2026
edited by : Nrapendra Gupta

