केदारनाथ के पास फिर हेलीकॉप्टर क्रैश, उत्तराखंड में डेढ़ माह में चौथा हादसा
उत्तराखंड में केदारनाथ के पास गौरीकुंड सोनप्रयाग के जंगल में आर्यन एविएशन का हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया।
Kedarnath Helicopter crash : उत्तराखंड में केदारनाथ के पास गौरीकुंड सोनप्रयाग के जंगल में आर्यन एविएशन का हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया। इस दर्दनाक हादसे में 7लोगों की मौत हो गई। यह डेढ़ माह में चौथा हेलीकॉप्टर हादसा हैै।
बताया जा रहा है कि केदारनाथ से फाटा आ रहा यह हेलीकॉप्टर सुबह 5.30 बजे दुर्घटनाग्रस्त हो गया। राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। हादसे की वजह का अभी पता नहीं चला है।
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा कि जनपद रुद्रप्रयाग में हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। एसडीआरएफ, स्थानीय प्रशासन एवं अन्य रेस्क्यू दल राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हैं। बाबा केदार से सभी यात्रियों के सकुशल होने की कामना करता हूं।
जनपद रुद्रप्रयाग में हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। एसडीआरएफ, स्थानीय प्रशासन एवं अन्य रेस्क्यू दल राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हैं।
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) June 15, 2025
बाबा केदार से सभी यात्रियों के सकुशल होने की कामना करता हूँ।
उल्लेखनीय है कि 7 जून को भी केदारनाथ धाम के लिए उड़ान भर रहे क्रेस्टेल एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के हेलीकॉप्टर को तकनीकी खराबी की वजह से इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी। हेलिकॉप्टर में पायलट और सह पायलट के साथ 5 यात्री सवार थे।
सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में दिखाई दिया कि हेलीकॉप्टर राजमार्ग के बीच में खड़ा है और यह रिहायशी इमारतों के बहुत करीब था तथा उसके टेल रोटर से एक कार क्षतिग्रस्त हो गई। इस घटना के बाद भी केदारनाथ मंदिर के लिए हेली शटल सेवा प्रभावित नहीं हुई।
7 जून को हुए हादसे के बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हेलीकॉप्टर सेवा संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि सुरक्षा संबंधी मानकों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए हेलीकॉप्टर की नियमित फिटनेस जांच, हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग हेतु ठोस व प्रभावी मानक संचालन प्रक्रिया बनाने एवं उच्च हिमालयी क्षेत्रों में चलने वाले हेलीकॉप्टर के इंजन के सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जाए।
edited by : Nrapendra Gupta
file photo
file photo

