1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. BJP minister's controversial remarks

BJP के मंत्री का विवादित बयान, पार्टी में एंट्री से पहले वॉशिंग मशीन में होती है धुलाई

Controversial statements
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) नेता व केंद्रीय उपभोक्ता मामले राज्यमंत्री रावसाहेब दानवे पाटिल ने एक ऐसा विवादित बयान दिया जो उनके साथ-साथ भाजपा के लिए भी परेशानी का सबब बन सकता है। महाराष्ट्र के जलना में एक सभा को संबोधित करते हुए रावसाहेब दानवे पाटिल ने कहा कि भाजपा के पास गुजरात का निरमा पावडर है और बीजेपी में किसी भी शख्स की एंट्री से पहले इससे उसकी धुलाई की जाती है।

यह पहली बार नहीं है जब रावसाहेब दानवे ने इस तरह का विवादित बयान दिया हो। इसी साल लोकसभा चुनाव के दौरान महाराष्ट्र के जालना में दाल खरीद को लेकर कार्यकर्ताओं द्वारा दिए गए एक सवाल पर वे भड़क गए थे। तब उन्होंने कहा था कि राज्य सरकार तो दाल खरीद रही है। तुम अखबार ज्यादा पढ़ते हो। अरहर, कपास, दलहन का रोना तुम लोग अब बंद करो। इस दौरान उन्होंने अपशब्दों का प्रयोग भी किया था। यही नहीं दानवे ने किसानों की आत्महत्या को लेकर भी विवादित बयान दिया था।
इससे पहले भाजपा में कई और नेता भी विवादित बयान दे चुके हैं जिस वजह से पार्टी की काफी किरकिरी हुई थी। हाल ही में भाजपा की भोपाल से लोकसभा सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने शंका जाहिर करते हुए कहा था कि बीजेपी नेताओं की मौत विपक्ष की मारक क्षमता की वजह से हो रही है।
अगला लेख
राज्यपाल का बेतुका बयान, अनुच्छेद 370 के समर्थकों की लोग करेंगे जूते से पिटाई