1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. ayodhya-gst-raid-gold-silver-seized-raunahi-toll-plaza

अयोध्या में कार से 3.5 क्विंटल चांदी और भारी मात्रा में सोना जब्त!

जीएसटी विभाग का बड़ा एक्शन, कार समेत पूरा माल जब्त किया

अयोध्या में सोना चांदी जब्त
Ayodhya GST raid: ​उत्तर प्रदेश के अयोध्या में जीएसटी (GST) विभाग को एक बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है। लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर चेकिंग के दौरान एक कार से भारी मात्रा में सोना और चांदी बरामद किया गया है। कार में सवार लोग इस करोड़ों के माल से जुड़ा कोई भी वैध दस्तावेज़ (कागजात) पेश नहीं कर पाए, जिसके बाद विभाग ने पूरे माल को जब्त कर लिया है।

​रौनाही टोल प्लाजा पर बिछाया जाल

​मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई गुरुवार दोपहर को अंजाम दी गई। दरअसल, जीएसटी विभाग को मुखबिर से खबर मिली थी कि अयोध्या-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग के रास्ते कार से भारी मात्रा में चांदी ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही जीएसटी की टीम एक्टिव हुई और स्थानीय पुलिस को साथ लेकर रौनाही टोल प्लाजा पर नाकाबंदी कर दी।
 
संदिग्ध कार को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो अधिकारियों की आंखें फटी रह गईं। कार के अंदर करीब साढ़े तीन क्विंटल (350 किलो) चांदी, चांदी के आभूषण और सोने के जेवर भरे हुए थे। ​जीएसटी विभाग के आला अधिकारियों के मुताबिक, कार में मौजूद लोगों से जब इस सोने-चांदी के बिल या वैध कागजात मांगे गए, तो वे कुछ भी दिखाने में नाकाम रहे।
​जीएसटी अधिकारी के मुताबिक फिलहाल पूरे माल को सीज कर दिया गया है। संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर तय समय में वैध दस्तावेज पेश करने को कहा गया है। अगर वे समय पर सही कागज नहीं दिखा पाते हैं, तो नियमानुसार भारी जुर्माना लगाने के साथ-साथ आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ​इस भारी खजाने को सुरक्षित रूप से सरकारी कोषागार (Treasury) में रखने की तैयारी की जा रही है।

​अयोध्या में गरमाया माहौल

​भव्य राम मंदिर के निर्माण के बाद से ही अयोध्या लगातार पूरे देश में चर्चा का केंद्र बनी हुई है। हाल ही में हुए कुछ विवादों के बीच, इतनी बड़ी मात्रा में बिना इनवॉइस (बिल) के सोना-चांदी पकड़े जाने से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। जीएसटी विभाग इस बात की गहनता से जांच कर रहा है कि यह माल कहां से लाया जा रहा था और इसे कहां खपाने की तैयारी थी।
लेखक के बारे में
संदीप श्रीवास्तव
संदीप श्रीवास्तव करीब 25 वर्ष से ज्यादा समय से मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वेबदुनिया के लिए उत्तर प्रदेश में स्ट्रिंगर के रूप में कार्य करते हैं। .... और पढ़ें
अगला लेख
पीएम सूर्य घर योजना : CM योगी के नेतृत्व में देश में दूसरे स्थान पर पहुंचा UPPM