भारी बारिश से उफान पर नर्मदा, 15 घंटों से मोरटक्का पुल पर आवाजाही बंद
मोरटक्का। मध्यप्रदेश में भारी बारिश की वजह से नदियां उफान पर है। प्रदेश के 52 में से 27 बांधों से पानी छोड़ा जा चुका है। इंदौर-इच्छापुर मार्ग पर मोरटक्का में नर्मदा नदी पर बने पुल तक पानी पहुंचने से इस पर आवाजाही रोक दी गई है।
नर्मदा का जलस्तर काफी तेजी से बढ़ रहा है। इंदिरा सागर बांध के 12 और ओंकारेश्वर बांध के 18 गेटों को खोल दिया गया है। इस वजह से नदी के सभी घाटों पर पानी भरा हुआ है।
मोरटक्का में नर्मदा का जल स्तर खतरे से ज्यादा बढ़ने की वजह से प्रशासन ने इंदौर-इच्छापुरा राजमार्ग से गाड़ियों की आवाजाही रात साढ़े आठ बजे से रोक दी है। पिछले 15 घंटों से यहां यातायात बंद है। सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में वाहन आवाजाही खुलने का इंतजार कर रहे हैं।इंदौर इच्छापुर मार्ग पर मोरटक्का में नर्मदा नदी पर बने पुल तक पानी पहुँचने से इसमें आवागमन रोक दिया गया है।#Monsoon2021#alert#DisasterManagement@ndmaindia pic.twitter.com/JKyo8xsvjv
— JD Jansampark Indore (@jdjsindore) August 17, 2022
इधर देवास के नेमावर में नर्मदा नदी खतरे के निशान के ऊपर बह रही है। यहां नर्मदा नदी का जलस्तर 888.6 फीट पर जा पहुंचा है। यह खतरे निशान से करीब साढ़े 3 फुट ऊपर बह रही है।

