अयोध्या से जनकपुर धाम का सफर अब बेहद आसान, 28 नवंबर से आम यात्रियों के लिए दौड़ेगी सरयू-कमला एक्सप्रेस ट्रेन
प्रभु श्रीराम की पावन जन्मभूमि अयोध्या और माता जानकी (सीता) की जन्मस्थली नेपाल स्थित जनकपुर धाम के बीच अब सीधा रेल संपर्क जुड़ गया है। भारत और नेपाल के ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक रिश्तों को नई ऊंचाई देने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस का आज (23 नवंबर को) भव्य शुभारंभ हुआ। यह ट्रेन करीब 19 घंटे में जनकपुर पहुंचेगी।
जनकपुर को माता सीता की जन्मस्थली माना जाता है। ऐसे में दोनों धामों के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होना श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सुविधा साबित होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पहल को अवध और मिथिला को जोड़ने वाला पावन उपहार बताते हुए सभी रामभक्तों को बधाई दी।
भव्य शुभारंभ और ऐतिहासिक पल
इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री राम नगरी अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन से ट्रेन का स्वागत किया और हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि तीर्थों को भारतीय रेल की इस सेवा के साथ जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हृदय से अभिनंदन है। साथ ही इस गौरवशाली पल के साक्षी बने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह का अयोध्या वासियों और उत्तर प्रदेश की ओर से हार्दिक स्वागत है।
उन्होंने कहा अयोध्या और मिथिला, इन दोनों संस्कृतियों का पावन पौराणिक मिलन आज अयोध्या धाम से जनकपुर धाम के बीच 'सरयू-कमला एक्सप्रेस' के रूप में पुनर्जीवित हो रहा है। माँ सरयू की पावन धारा से अभिसिंचित अयोध्या धाम और माँ कमला के पवित्र जल से पावन माता जानकी की भूमि को जोड़ने वाली यह ट्रेन प्रधानमंत्री जी के 'विरासत व विकास' के अद्भुत संगम का प्रतीक है। योगी आदित्यनाथ ने विश्वास जताया कि इस सीधी रेल सेवा से नेपाल के श्रद्धालु सीधे रामलला के दर्शन कर सकेंगे और भारत के श्रद्धालु जनकपुर धाम में माता जानकी के दर्शन का लाभ उठा सकेंगे।
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के श्रद्धालु मुक्तिनाथ और पशुपतिनाथ जाकर अपनी आस्था प्रकट करते हैं, वहीं मकर संक्रांति पर नेपाल से भेजी गई खिचड़ी गोरखनाथ मंदिर में चढ़ाने और वासंतिक नवरात्रि में नेपाल से देवी पाटन शक्तिपीठ तक यात्रा आने जैसी परंपराएं दोनों देशों के गहरे संबंधों को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध का जन्म नेपाल के लुंबिनी में हुआ, जबकि कपिलवस्तु, श्रावस्ती, सारनाथ और कुशीनगर जैसे स्थल उनकी विरासत को जीवंत बनाए हुए हैं। जुलाई 2025 में भगवान बुद्ध के पवित्र पिपरहवा अवशेषों की 127 साल बाद हांगकांग से भारत वापसी को भी उन्होंने गौरव का विषय बताया।
बिना ट्रेन बदले 19 घंटे में 604 किमी का सफर
अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के बीच लगभग 604 किलोमीटर की दूरी अब महज़ 19 घंटे में पूरी होगी। यात्रियों के लिए सबसे बड़ी राहत यह है कि सफर के दौरान ट्रेन बदलने की झंझट नहीं रहेगी। यह साप्ताहिक ट्रेन अयोध्या कैंट से प्रत्येक सोमवार और जनकपुर धाम से प्रत्येक शनिवार को चलेगी।
- अयोध्या से जनकपुर (गाड़ी संख्या 15596) : प्रत्येक सोमवार शाम 5:50 बजे अयोध्या कैंट से रवाना होगी। अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर (रात 10:13 बजे), नरकटियागंज (मंगलवार रात 1:50 बजे), रक्सौल, सीतामढ़ी (सुबह 4:42 बजे), शीशो, मधुबनी और जयनगर (सुबह 8:30 बजे) होते हुए यह मंगलवार दोपहर 12:40 बजे (नेपाली समय के अनुसार) जनकपुर धाम पहुंचेगी।
- जनकपुर से अयोध्या (गाड़ी संख्या 15595) : वापसी में यह ट्रेन प्रत्येक शनिवार दोपहर 1:10 बजे (नेपाली समय के अनुसार) जनकपुर धाम से चलेगी। जयनगर, मधुबनी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर (रविवार सुबह 3:55 बजे), बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम होते हुए रविवार सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी।
आधुनिक 17 कोच के एलएचबी रैक से होगा संचालन
यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए सरयू-कमला एक्सप्रेस को आधुनिक 17 कोच वाले एलएचबी (LHB) रैक से चलाया जाएगा। इसमें 8 वातानुकूलित (AC) कोच, 7 स्लीपर कोच, 1 एलएसएलआरडी (LSLRD) और 1 एलडब्ल्यूएलएसआरआरएम (LWLSRRM) कोच शामिल हैं:
- AC 2-Tier (2 कोच) : प्रत्येक में 52 बर्थ
- AC 3-Tier (3 कोच) : प्रत्येक में 72 बर्थ
- AC 3-Tier Economy (3 कोच) : प्रत्येक में 80 बर्थ
- Sleeper (7 कोच) : प्रत्येक में 80 बर्थ
- LSLRD कोच (1 कोच): 38 सीटें
- LWLSRRM कोच (1 कोच) : विद्युत उत्पादन के लिए
10 प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव
इस ट्रेन को जयनगर, मधुबनी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम सहित कुल 10 मध्यवर्ती स्टेशनों पर वाणिज्यिक ठहराव दिया गया है, जिससे इन इलाकों के लोगों को भी सीधा जुड़ाव मिलेगा।
रामायण सर्किट और भारत-नेपाल मैत्री को नई रफ्तार
अयोध्या और जनकपुर धाम सदियों से रामायण कालीन आस्था और संस्कृति के केंद्र रहे हैं। सीधी रेल सेवा शुरू होने से श्रद्धालुओं और सैलानियों का सफर बेहद आसान होगा, जिससे रामायण सर्किट और धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी। साथ ही उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में व्यापार, स्थानीय कारोबार और रोजगार के नए अवसर खुलने की उम्मीद है। यह ट्रेन दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक एकता और आपसी विश्वास की एक मजबूत कड़ी साबित होगी।

