1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. मध्यप्रदेश
  4. bjp state president vd sharma starts wall writing campaign in mp

2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा बनाएगी इतिहास, वीडी शर्मा ने किया दीवार लेखन अभियान का आगाज

Wall writing campaign
भाजपा की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने आज भोपाल में दीवार लेखन कर लोकसभा चुनाव के पहले हो रहे पार्टी के इस दीवार लेखन अभियान की शुरुआत की। शर्मा ने स्थानीय शिवाजी नगर के वार्ड क्रमांक 45 के बूथ क्रमांक 159 पहुंचकर दीवार लेखन किया। इस दौरान उन्होंने दीवार पर 'एक बार फिर, मोदी सरकार' का लेखन किया।
 
आगामी लोकसभा चुनाव के पहले पार्टी के इस अभियान की आज पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने शुरुआत की है। इसी क्रम में श्री शर्मा ने मध्यप्रदेश में इसका आगाज किया।
 
दीवार लेखन के बाद शर्मा ने कहा कि इस संबंध में कहा कि 'फिर एक बार मोदी सरकार' के स्लोगन के साथ कमल का फूल दीवार पर अंकित किया जा रहा है। भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता हर बूथ पर उतरने वाला है।
 
लोकसभा चुनाव में बनाएगी इतिहास : उन्होंने कहा कि इस अभियान की पार्टी अध्यक्ष ने शुरुआत की है। अब पार्टी के सभी जिला अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, सांसद, विधायक सभी इस अभियान में भाग लेंगे।
 
पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि हर बूथ पर चुनाव जीतने की रणनीति के साथ इस अभियान की शुरुआत की है। भाजपा आगामी लोकसभा चुनाव में इतिहास बनाएगी। 
 
शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित जनहितैषी योजनाओं से आज हर वर्ग खुश है, तो वहीं वैश्विक पटल पर भारत सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है। आज जन-जन के मन से एक ही आवाज़ निकलती है कि प्रधानमंत्री मोदी जी हर गारंटी पूरी होने की गारंटी है।
 
मिलेगा प्रचंड बहुमत : शर्मा ने कहा कि मुझे आशा ही नहीं, अपितु पूर्ण विश्वास है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के आशीर्वाद, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी के मार्गदर्शन, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा के नेतृत्व तथा हमारे बूथ कार्यकर्ताओं के परिश्रम से 2024 के लोकसभा चुनाव में एक बार फिर से मोदी सरकार प्रचण्ड बहुमत से बनकर विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में जुटेगी।
 
बनने जा रहा है इतिहास : शर्मा ने कहा कि 22 जनवरी को भगवान रामलला के अयोध्या में प्राण-प्रतिष्ठा होते ही देश में इतिहास बन जाएगा। 500 वर्षों के संघर्ष और लाखों लोगों के बलिदान के बाद 22 जनवरी इतिहास बनने जा रहा है। 
स्वच्छता अभियान में लिया भाग : देश भर में मंदिरों में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के तहत प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने हनुमान मंदिर परिसर में सफाई की। प्रदेश अध्यक्ष ने जनता एवं भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के स्वच्छता के आह्वान से जुड़कर अपने आसपास के मंदिरों में सफाई अभियान चलाए और 22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के मंगल अवसर पर अपने निवास पर रामज्योति जलाकर उत्सव मनाए।
अगला लेख
राम मंदिर अयोध्या आंदोलन के अहम 10 पड़ाव