लव-मंत्र : प्यार में जरूरी है तकरार लेकिन...
जब देखो तब काम ही काम घर के लिए तो समय ही नहीं है। या फिर जरा सी बात का बतंगड़ बन जाता है इस घर में। ये वो बातें हैं जो शायद हर घर में होती ही हैं। कहते हैं कि जहां बहुत प्यार होता है वहीं बहुत ज्यादा तकरार भी होती है लेकिन कभी-कभी ये छोटी सी तकरार बहुत बड़ा रूप ले लेती है और इसके गंभीर परिणाम सामने आ जाते हैं। अगर बाद में विचार किया जाए तो बात कुछ नहीं रहती बस बात-बात में झगड़ा बढ़ जाता है।
FILE |
वैसे तो हमेशा से ही पति-पत्नि में छोटे-मोटे झग़ड़े होते आए हैं लेकिन आज कल इनका स्वरूप बड़ा होने में जरा भी समय नहीं लगता। इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि छोटी सी बातें बड़ी न हो पाएं इससे पहले ही उन्हें संभाल लिया जाए।
इसमें भी अपना अलग मजा है
वो रिश्ता ही क्या जिसमें तकरार न हो, झगड़े न हो लेकिन इस बात को समझना चाहिए कि ये तकरात बस तकरार ही रहे विवाद का रूप न ले ले। पति-पत्नी के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर झगड़ा होता ही है, अगर दो लोग साथ में रहेंगे तो कभी किसी को कुछ पसंद नहीं आएगा तो किसी को कुछ लेकिन इसका यह मतलब नहीं होता कि तकरार को विवाद बना दिया जाए।
बढ़ रही है सामंजस्य की कमी
आजकल देखने में आता है कि लोगों को अपने ही परिवार वालों की जरा सी बात बर्दाश्त नहीं होती। घर में माता-पिता बच्चों को नहीं कुछ नहीं कह सकते। पति-पत्नी में नहीं बनती। इस तरह के बातों का प्रचलन बढ़ता ही जा रहा है। इसका सबसे प्रमुख कारण है लोगों में अपनेपन और सामंजस्य की कमी होती जा रही है। जिंदगी इतनी तेज भाग रही है कि किसी के पास किसी के लिए समय नहीं है।
घर में किसको क्या परेशानी है कौन किस समस्या में है इन बातों को जानने का भी समय नहीं रहता किसी के पास। परिणामस्वरूप छोटी-छोटी बाते बड़े झग़ड़ों का रूप ले लेती हैं। इस समस्या से निबटने के लिए कम से कम परिवार में जितने भी लोग हैं उन्हें एक-दूसरे को समय देना चाहिए। आपस में बात न करना भी इन परेशानियों को बढ़ाता है।

