1. लाइफ स्‍टाइल
  2. साहित्य
  3. मंच अपना

वह आँगन नहीं, धूप नहीं

खिलखिलाने की आवाजें नहीं...

साहित्य
WDWD
पहले हमारे आँगन में धूप आती थी। सूरज दिखाई देता था। अब घर के ठीक सामने तीन-चार बिल्डिंगें बन जाने से सूरज बारह बजे के पहले दिखाई ही नहीं देता। अब धूप की जगह आँगन में बिल्डिंग की परछाइयाँ दिखाई देती हैं।

पहले पिता सूर्य नमस्कार करते थे, अब करते तो लगता बिल्डिंगों को नमस्कार कर रहे हैं। माँ पहले मूँग की बड़ी और और कई तरह के पापड़ बनाया करती थीं लेकिन अब बड़ी और पापड़ सुखाने के लिए आँगन में धूप नहीं आती।

भाभी या जीजी सिर से नहाती थीं तो बाल सुखाने आँगन में आ जाया करती थीं। अब न धूप आती है न भाभी और जीजी बाल सुखाने इस आँगन में दिखाई देती हैं।

पूरे मोहल्ले में हमारा ही घर ऐसा था जिसमें आँगन था। मोहल्ले में धीरे-धीरे पुराने मकान टूट रहे थे, नए बनते जा रहे थे। उनके आँगन गायब हो गए। ज्यादा कमरे बनने से आँगन सिमटते जा रहे थे। अधिकाँश घरों में प्यारा-सा छोटा-सा आँगन तक नहीं दिखाई देता। आँगनों में जो कमरे बन गए थे, उनमें एक ही परिवार के लोग अलग अलग रहने लगे थे।

उन सब की अलग अलग दुनिया थी। उनके फ्रीज अलग थे, उनके टीवी अलग थे, उनकी कुर्सियाँ और सोफे अलग थे।
हमारे घर में जो आँगन था, वहाँ धूप आती तो घर के सारे लोग धूप सेंकते। पिता अपनी कुर्सी पर चाय की चुस्कियाँ लेते अखबार पढ़ते। माँ या तो कपड़े सुखाती या पापड़ और बड़ी।

NDND
उसी आँगन में हम सब बैठकर रात की बासी रोटी से बने पुस्कारा खाते। मैं अक्सर सरसों के तेल से पिता के हाथ-पैरों की मालिश करता।
उस आँगन में पास खड़े पीपल और नीम के पेड़ से पिपलियाँ और निम्बोलियाँ गिरती रहती थी। हन पिपलियों का खाते थे। वे मीठी लगती थीं। उनका स्वाद हम अब तक भुले नहीं हैं।

बसंत में हम कोयल की कूक सुनते। उसकी नकल करते। कई पक्षियों का कलरव सुनते। उन्हें उड़ते और बैठते देखते। शाम को लौटते देखते। हमारे आँगन में, हमारी कुर्सियों, हमारे कपड़ों पर बीट गिरती। हमारे आँगन में उनके पंख गिरते। हम हथेलियों में ले उन्हें उडा़ते। वे इतने हल्के, इतने कोमल होते की जरा सी फूंक से हवा में लहराने लगते।

सुबह की कोमल धूप में वे पंख और कोमल दिखाई देते। सफेद, चमकीले। गर्मियों की शाम हमारे बिस्तर आँगन में लगते। हम तारों भरी रातों को निहारते सोते थे। माँ हमें ध्रुव तारा बताती। खूब चमकीला। वे हमें तारों से बनी आकृतियाँ बताती- कभी धनुष, कभी हल। हम घटते-बढ़ते चंद्रमा को देखते। हम दूज का, तीज का और पूर्णिमा का चंद्रमा निहारते। बड़ी बहनें हमें कभी लोरियाँ और कभी कहानियाँ सुनाया करती थीं।


बहने फुगडि़याँ खेलती, लंगड़ी खेलतीं, पाँचे खेलती। हम सब के खिलखिलाने से यह आँगन गूँजता था। माँ हमारी इस खिलखिलाहट में शामिल होती थी। पिता यह सब देखते हुए मुदित रहते। उनका एक भरा-पूरा परिवार था। हँसता-गाता संसार था। हम उनके पंछी थे, हमारी चहचहाहट से उनका आँगन गूँजता था।


NDND
हमारा आँगन बहुत बड़ा था। सामान बहुत कम था। हमारे खेलने के लिए खूब जगह थी। हम गिरते तो माँ हल्दी का फोहा लगाती। रात में हल्दी के साथ ही गरम दूध पिलाती। पिता चुपचाप अपने सीने से लगाए हमें थपकियाँ देते सुला लेते थे। उस आँगन में हमें हमारे जीवन की सबसे मीठी नींदें आती थीं।


अब न माँ है, न पिता। बहनें आती हैं, भाभियाँ-काकियाँ सब आती हैं। बच्चे भी हैं। उनके दोस्त भी हैं। सारी सुख-सुविधाओं का सामान भी है।
बस आँगन नहीं है, धूप नहीं है, धूप में बैठकर सबके खिलखिलाने की आवाजें नहीं हैं।

आपको अतीत की कौन सी याद सबसे ज्यादा आती है, हमें अवश्य बताएँ।
लेखक के बारे में
रवींद्र व्यास