1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. KS Bharat to seek UAE citizenship for International return

भारत के लिए WTC Final खेल चुका यह विकेटकीपर अब खेलेगा UAE के लिए

KS Bharat
भारत के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज केएस भरत ने  कहा कि उनकी नजरें फरवरी 2027 में अनिवार्य ब्रेक का समय (कूलिंग ऑफ पीरियड) समाप्त होने के बाद संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की राष्ट्रीय टीम के जरिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी पर टिकी हैं।भरत ने 2023 से 2024 के बीच भारत के लिए सात टेस्ट मैच खेले थे इन सात मैचों में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल भी था।

उन्होंने इस साल जून में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी जिसके बाद वह दुनिया भर की टी20 लीग में खेलने के पात्र हो गए थे।
भारतीय टेस्ट टीम में केएस भरत का कार्यकाल औसत से नीचे रहा। वह एक बार भी 50 का आंकड़ा नहीं पार कर पाए। साल 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ वह भारत को जीत दिला सकते थे लेकिन वह बोल्ड हो गए। इसके बाद टीम में जब ऋषभ पंत की वापसी हुई तो उनके लिए सारे दरवाजे बंद हो गए।

अबुधाबी टी10 में एमिरेट्स ईगल्स की ओर से खेल रहे भरत ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘देश के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलना सबसे शानदार एहसास होता है। इसकी बराबरी कोई नहीं कर सकता। लेकिन एक खिलाड़ी के तौर पर आप सिर्फ खेलना चाहते हैं। मैं पिछले कई वर्षों से घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन कर रहा हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन कहीं ना कहीं मुझे महसूस हुआ कि मेरे अंदर अब भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने की क्षमता बाकी है। इसी वजह से मुझे जून में संन्यास जैसा कठिन फैसला लेना पड़ा।’’

अब भरत यूएई की टीम के जरिए शीर्ष स्तर के क्रिकेट में वापसी की योजना बना रहे हैं।उन्होंने कहा, ‘‘ईमानदारी से कहूं तो यही मेरी योजना है। मुझे अभी कूलिंग ऑफ पीरियड पूरा करना है। यह फरवरी में समाप्त हो जाएगा और शायद उसके बाद मैं आपको इस बारे में अधिक जानकारी दे सकूंगा।’’

तैंतीस वर्षीय भरत फिलहाल दुबई में रहते हैं और आईसीसी अकादमी की सुविधाओं से काफी प्रभावित हैं जहां वह नियमित रूप से अभ्यास करते हैं।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम.... और पढ़ें
अगला लेख
टॉप 10 में पहुंचने वाला पहला अफगानिस्तानी बल्लेबाज बना टेस्ट कप्तान