dharma sangrah
Sun, 22 Nov 2026

Notifications

  1. खबर-संसार
  2. व्यापार
  3. समाचार
  4. Fortune 500 list, Indian company

फॉर्च्यून 500 की सूची में 7 भारतीय कंपनियां

Business News
न्यूयॉर्क। दुनिया की बड़ी कंपनियों की 'फॉर्च्यून-500' सूची में 7 भारतीय कंपनियां जगह पाने में कामयाब रही हैं। इनमें इंडियन ऑइल कॉर्पोरेशन का स्थान सबसे ऊपर रहा है, जबकि ओएनजीसी सूची में स्थान बनाने में नाकाम रही। राजस्व के हिसाब से यह सूची तैयार की गई है। खुदरा क्षेत्र की दिग्गज कंपनी वॉलमॉर्ट सूची में पहले स्थान पर है।
 
भारतीय कंपनियों में इंडियन ऑइल कॉर्पोरेशन सबसे ऊंचे यानी 161वें स्थान पर है, वहीं सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी ओएनजीसी 2016 में इस सूची से बाहर हो गई है। उसका स्थान निजी क्षेत्र की रत्न एवं आभूषण निर्यात करने वाली कंपनी राजेश एक्सपोर्ट्स ने लिया है, जो सूची में 423वें स्थान पर है।
 
सूची में शामिल 7 भारतीय कंपनियों में से 4 सार्वजनिक क्षेत्र की हैं। निजी क्षेत्र की 3 कंपनियां रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा मोटर्स तथा राजेश एक्सपोर्ट्स सूची में शामिल हैं। निजी क्षेत्र की कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज सूची में सबसे आगे है।
 
'फॉर्च्यून-500' सूची में 54.7 अरब डॉलर की आय के साथ इंडियन ऑइल 161वें स्थान पर है। पिछले साल यह 119वें स्थान पर थी। इसी तरह रिलायंस इंडस्ट्रीज भी फिसलकर 215वें स्थान पर आ गई है। पिछले साल यह 158वें स्थान पर थी। भारत पेट्रोलियम इस साल खिसककर 358वें स्थान पर आ गई है। पिछले साल यह 280वें स्थान पर थी। हिन्दुस्तान पेट्रोलियम 327वें स्थान से फिसलकर 367वें स्थान पर आ गई है।
 
हालांकि टाटा मोटर्स और भारतीय स्टेट बैंक की स्थिति में सुधार हुआ है। टाटा मोटर्स पिछले साल के 254वें स्थान से 226वें स्थान पर पहुंच गई है, वहीं स्टेट बैंक इस सूची में 260वें से ऊपर चढ़कर 232वें स्थान पर पहुंच गया। 
 
इस सूची में वॉलमॉर्ट 48,213 करोड़ डॉलर के राजस्व के साथ पहले स्थान पर रही है। स्टेट ग्रिड 32,960.1 करोड़ डॉलर के राजस्व के साथ दूसरे स्थान पर रही है, वहीं चाइना नेशनल पेट्रोलियम 29,927.1 करोड़ डॉलर के राजस्व के साथ 3रे स्थान पर है। (भाषा)
ये भी पढ़ें
खुशखबर यहां निकली हैं बंपर सरकारी नौकरियां...