Uttarakhand News : धामी सरकार का बड़ा फैसला, विकास कार्यों के लिए 155.96 करोड़ रुपये मंजूर; कर्मचारियों का DA भी बढ़ा
उत्तराखंड की धामी सरकार ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में विकास कार्यों के लिए 155.96 करोड़ रुपए की वित्तीय और प्रशासनिक मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सड़क, पुल, पार्किंग और पेयजल व्यवस्था से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी। इसके तहत अल्मोड़ा के मौलेखाल बाजार में पार्किंग निर्माण के लिए 591.16 लाख रुपए और चंपावत के लोहाघाट में मल्टीलेवल पार्किंग के लिए 998.55 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं।
पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, टिहरी और पौड़ी में सड़कों और पुलों के निर्माण एवं सुधार के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गई है। देहरादून और हरिद्वार में घरेलू वाटर मीटर लगाने के लिए 814.36 लाख रुपए दिए जाएंगे।
धामी सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में चकबंदी को बढ़ावा देने के लिए राज्य आकस्मिकता निधि से 100 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। इसके अतिरिक्त छठे वेतन आयोग के तहत वेतन पाने वाले कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 262 से बढ़ाकर 269 प्रतिशत और पांचवें वेतन आयोग के तहत वेतन पाने वालों का 483 से बढ़ाकर 497 प्रतिशत किया गया है। 178 पुलिसकर्मियों को एनपीएस से पुरानी पेंशन योजना में शामिल करने को भी मंजूरी दी गई है।

