1. खबर-संसार
  2. »
  3. आईटी
  4. »
  5. लर्निंग जोन

फेसबुक पर परेशान करने वालों को सिखाएँ सबक

एक शिकायत पर जेल के पीछे हो सकता है दोषी

आईटी
PR
PR
नई दिल्ली। ऑरकुट और फेसबुक जैसी सोशल नेटवर्किंग वेबसाइट पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर आपको कोई परेशान या किसी तरह की धोखाधड़ी कर रहा है तो आप उसे सबक सिखा सकते हैं। पुलिस थाने में आपकी एक शिकायत दोषी को तीन साल तक जेल की हवा खिला सकती है।

दरअसल, सूचना तकनीक कानून के तहत इस तरह की तमाम गतिविधियाँ अब आपराधिक अधिनियम के तहत आ गई हैं, लेकिन इंटरनेट इस्तेमाल करने वालों को इन कानूनों की अभी जानकारी नहीं है। इसके चलते खासकर महिलाएँ इंटरनेट पर अश्लील छेड़खानी और अपशब्दों की शिकार हो रही हैं।

सूचना तकनीक मंत्रालय ने इस संबंध में प्रचार करने का निर्णय लिया है। आईटी विशेषज्ञों का मानना है कि इंटरनेट पर अश्लीलता और छेड़खानी जैसे मुद्दों पर लोग खुलकर सामने नहीं आ रहे हैं। सबसे बड़ी परेशानी लोगों में इन कानूनों को लेकर जागरूकता भी नहीं है। विशेषज्ञ कहते हैं कि कानून के तहत शिकायतकर्ता की पहचान गुप्त रखने का भी प्रावधान है।

नए सूचना तकनीक संशोधन कानून में इंटरनेट इस्तेमाल करने वालों को पूरी सुरक्षा दी गई है। नए संशोधन कानून के तहत अब पासवर्ड चुराकर उसके ई-मेल आदि का इस्तेमाल करना, किसी और के नाम पर ई-मेल आई डी बनाना, जिसे उस पर ऐतराज हो और ई-मेल के जरिए मानहानि आदि संबंधित गतिविधियाँ अब साइबर अपराध के दायरे में आ गई हैं।

अश्लील तस्वीरों को ई-मेल करने, वेबसाइट पर डालने के खिलाफ अगर शिकायत की जाए तो आरोप साबित होने पर दोषी को 3 साल तक कैद की सजा का प्रावधान है। इसके अलावा कम्प्यूटर हैक करना, सरकारी डाटा नष्ट करना, उसमें वायरस भेजना भी अपराध की श्रेणी में शामिल है। आतंकी गतिविधियों से संबंधित ई-मेल करने पर भी सजा हो सकती है।