...जहां तोप की गर्जना के साथ रखा जाता है 'रोजा'
रमजान माह में तोप चलाने की अनूठी परंपरा
FILE
रमजान के पवित्र माह में मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से सटे रायसेन जिला मुख्यालय पर तोप की गर्जना के साथ मुसलमान भाई सेहरी ओर रोजा अफतारी करते है। देश में अपनी तरह की यह अनूठी परंपरा है।
कहा जाता है कि हिंदुस्तान में यह परंपरा कभी नवाबी क्षेत्र रहे रायसेन में अभी भी कायम है तथा जिला कलेक्टर द्वारा तोप चलाने ओर वारूद खरीदने की विधिवत लिखित अनुमति मुस्लिम त्योहार कमेटी को रमजान माह में सीमित समयावधि के लिए प्रदान की जाती है।
रायसेन जिला मुख्यालय स्थित ऐतिहासिक किले की पहाडी़ पर एक नियत स्थान है, जहां रमजान माह प्रारंभ होने के एक दिन पहले प्रशासन की अभिरक्षा में रखी तोप को मुस्लिम त्योहार कमेटी के सदस्य लेकर जाते है। तोप चलाने के लिए प्रशिक्षित तोपची ही नियुक्त किए जाते है।
FILE
वरिष्ठ नागरिक और एडवोकेट रेहान खान ने बताया कि भोपाल स्टेट के आखिरी नवाब हमीदुल्लाह खान द्वारा यह तोप रायसेन के मुसलमानों को दान में दी गई थी। इस तोप में लगभग दो सो ग्राम बारूद का प्रयोग किया जाता है। रियासत के नवाबी शासनकाल से ही रायसेन में रमजान माह में तोप ओर सेहरी का संकेत देती आ रही है।
जिला प्रशासन के अनुसार तोप का पहला लाइसेंस सबसे पहले वर्ष 1956 में तत्कालीन कलेक्टर बदरे आलम ने जारी किया था, जो आज भी जीवित है तथा प्रति वर्ष रमजान माह में जिला प्रशासन द्वारा परंपरागत तरीके से तोप चलाने और बारूद देने की अनुमति प्रदान की जाती है।
प्रशासन भी इसे देश की अनूठी परंपरा मानता है। कलेक्टर ने बताया कि रमजान माह के बाद इस तोप को विधिवत कलेक्ट्रेट के मालखाने में जमा करा दी जाती है।
इस प्रकार रायसेन जिला मुख्यालय पर रमजान माह में अलसुबह होने वाली सेहरी की सूचना नगाडा़ बजा कर देने की भी यहां अनूठी परंपरा है ।यहां पांच सौ फीट ऊंची किले की पहाडी़ से रात के सन्नाटे को चीरती नगाड़ों की आवाजों से आसपास के लगभग पचास गांव के रोजेदारों को जगाया जाता है। नगाडे़ मध्यरात्रि लगभग ढाई बजे से बजाना शुरू किया जाता है।
जिन्हें मुस्लिम त्योहार कमेटी द्वारा नियुक्त लोगों द्वारा बजाया जाता है। सेहरी का समय शुरू होने के साथ ही नगाड़ों की आवाज थम जाती है और रोजा रखने का समय शुरू होने का संकेत हो जाता है।
इसके अलावा इंतजार ईद का चांद दिखने के साथ ही उस दिन विशेष रूप से लगभग दस बार तोप चलाकर चांद दिखने का संकेत दिया जाता है। (वार्ता)

