• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Brazil
Written By
Last Updated :साओ पाउलो , सोमवार, 17 अक्टूबर 2016 (12:35 IST)

ब्राजील की जेल में विरोधी गुटों के बीच संघर्ष में 25 कैदियों की मौत

ब्राजील की जेल में विरोधी गुटों के बीच संघर्ष में 25 कैदियों की मौत - Brazil
साओ पाउलो। सुदूर उत्तरी ब्राजील की एक जेल में 2 विरोधी गुटों के बीच हुए संघर्ष में कम से कम 25 कैदियों की मौत हो गई। एक स्थानीय पुलिस के हवाले से बताया गया कि रोरैमा राज्य की राजधानी बोआ विस्ता की जेल में हुई लड़ाई में ये कैदी मारे गए थे। मारे गए कैदियों में से 7 के सिर कलम कर दिए गए थे और 6 की जलने से मौत हुई।
file photo

एग्रीकोला दे मॉन्ते क्रिस्तो जेल की एक शाखा के कैदियों के रविवार को दूसरी शाखा में घुसने के चलते यह खूनी संघर्ष शुरू हुआ था। दंगे के दौरान जेल में मौजूद एक कैदी की पत्नी ने ‘जी-1’ को बताया कि कैदी चाकूओं और डंडों से लैस थे।
 
रोरैमा राज्य के न्याय सचिव उजील कास्त्रो ने बताया कि यह लड़ाई आगंतुकों और कैदियों के मिलने-जुलने के समय हुई और कैदियों के करीब 100 परिजनों को थोड़ी देर के लिए बंधक भी बना लिया गया था।
 
दंगा करने वालों ने मांग की थी कि उनकी मांगों को सुनने के लिए किसी न्यायाधीश को बुलाया जाए। बावजूद इसके स्पेशल ऑपरेशन पुलिस ने जेल पर धावा बोल दिया और बंधक बनाए गए लोगों को मुक्त कराया और शाम तक स्थिति पर काबू पाया गया।
 
कास्त्रो ने बताया कि बंधक बनाए गए सभी लोगों को रिहा करा दिया गया। इनमें से अधिकतर महिलाएं थीं। यह जेल रियो डि जेनेरियो से करीब 3,400 किलोमीटर पश्चिमोत्तर में वेनेजुएला की सीमा से सटते राज्य में स्थित है। बहरहाल, पुलिस और राज्य के अधिकारियों ने पत्रकारों के किसी फोन का तत्काल जवाब नहीं दिया। (भाषा)