अपराधी के साथ स्वागत सत्कार पड़ा भारी, गुंडे के साथ जन्मदिन मनाने वाला हेड कॉन्स्टेबल सस्पेंड, वीडियो हुआ था वायरल
इंदौर में एक बार फिर से पुलिस की करतूत सामने आई है। दरअसल, पुलिस अपराधियों को पकडने के लिए होती है, लेकिन पुलिस अपराधियों से ही दोस्ती करने लगे तो इसे क्या कहेंगे। इंदौर में एक ऐसा ही मामला सामने आया है।
दरअसल, परदेशीपुरा थाने के हेड कॉन्स्टेबल जीतू सरदार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वे बदमाशों के साथ अपना जन्मदिन मनाते और उनसे सम्मान लेते नजर आए। मामले की गंभीरता को देखते हुए इंदौर पुलिस कमिश्नर ने तत्काल प्रभाव से हेड कॉन्स्टेबल को सस्पेंड कर दिया है।
माला पहनाई, खिंचवाए फोटो : जानकारी के अनुसार, गुरुवार को परदेशीपुरा क्षेत्र में पदस्थ हेड कॉन्स्टेबल जीतू सरदार का जन्मदिन था। इस अवसर पर आयोजित समारोह में संयोगितागंज क्षेत्र के तीन शातिर बदमाश अक्रात, विकास और आयुष भी पहुंच गए। इन बदमाशों ने न केवल हेड कॉन्स्टेबल को माला पहनाई और गुलदस्ता भेंट किया, बल्कि उनके साथ फिल्मी अंदाज में फोटो और वीडियो भी बनवाए। हैरानी की बात यह है कि पुलिसकर्मी ने भी इन अपराधियों के साथ बेझिझक फोटोशूट कराया, जिसे बाद में बदमाशों ने अपनी 'रौब' दिखाने के लिए सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
युवकों का है आपराधिक रिकॉर्ड : जांच में सामने आया है कि पार्टी में पहुंचे तीनों युवकों का आपराधिक रिकॉर्ड है। अक्रात और आयुष सगे भाई हैं और उनके पिता दीनू संयोगितागंज थाने के हिस्ट्रीशीटर (HS) यानी निगरानीशुदा बदमाश हैं। वहीं, उनके साथ मौजूद तीसरे युवक विकास पर नशा तस्करी और मारपीट जैसे करीब 10 गंभीर मामले दर्ज हैं। ऐसे खतरनाक पृष्ठभूमि वाले लोगों के साथ एक पुलिसकर्मी की मौजूदगी ने विभाग की छवि पर सवालिया निशान लगा दिए।
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि जैसे ही वीडियो वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में आया, इसकी प्रारंभिक जांच कराई गई। वीडियो में हेड कॉन्स्टेबल की बदमाशों के साथ स्पष्ट नजदीकियां दिखाई दे रही थीं, जो पुलिस नियमावली और अनुशासन का घोर उल्लंघन है। शनिवार रात जीतू सरदार के निलंबन का आदेश जारी कर दिया गया। अधिकारियों ने दो टूक शब्दों में कहा है कि अपराधियों के साथ किसी भी प्रकार की दोस्ती या सांठगांठ बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Edited By: Naveen R Rangiyal
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क