1. समाचार
  2. वेबदुनिया सिटी
  3. इंदौर
  4. Indore Gair and Women Day coincide, police hi-tech plan ready

इंदौर की गेर और महिला दिवस एक साथ, पुलिस का हाईटेक प्लान तैयार, ऐसे रहेगी राजवाड़ा पर नजर और सिक्‍योरिटी

different types of holi, होली खेलते हुए लोग
इंदौर (Indore) में रंगपंचमी (Rangpanchami) पर निकलने वाली पारंपरिक गेर (Ger) को लेकर इस बार प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था (security arrangements) की है। गेर में शामिल होने वाली टोलियों के वाहनों की पहचान के लिए बड़े-बड़े बैनर लगाए जाएंगे और प्रत्येक वाहन पर नंबर अंकित करना अनिवार्य होगा।

इससे भीड़ में व्यवस्था बनाए रखने और वाहनों की निगरानी में आसानी होगी। उपद्रवियों को सबक सिखाने के लिए चार अरेस्ट पार्टी पुलिस द्वारा तैनात रहेंगी। रामरज और केमिकल रंगों के साथ-साथ पुंगी और मास्क पर प्रतिबंध लगाया गया है। वहीं कपड़े, चप्पल या अन्य वस्तुएं उछालने वालों पर पुलिस ड्रोन कैमरे से नजर रखेगी और उन्हें तुरंत अस्थायी जेल में बंद किया जाएगा

पुलिस का हाईटेक प्लान तैयार : रंगपंचमी (रविवार) पर प्रमुख उत्सव स्थल राजवाड़ा पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस ने हाईटेक प्लान तैयार किया है। संभावित भीड़ और हुड़दंगियों को नियंत्रित करने के लिए सख्ती की जा रही है। पुलिस ने इस बार साफ कर दिया कि मास्क लगाने और पुंगी बजाने पर रोक रहेगी। आसमान से नजर रखने के लिए ड्रोन ग्रिड तैयार किया जा रहा है, जिससे भीड़, संदेही, छतों को स्कैन किया जाएगा।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस भी : डीसीपी जोन-3 राजेश व्यास के अनुसार रविवार के कारण इस बार पिछले वर्षों की तुलना में ज्यादा भीड़ आने की संभावना है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस होने के कारण पुलिस ज्यादा सतर्कता बरत रही है। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने इंटेलिजेंस से मिली रिपोर्ट के बाद पूरे राजवाड़ा क्षेत्र को चार अलग-अलग जोन में विभाजित किया है, जहां चार ड्रोन कैमरे लगातार उड़ान भरते रहेंगे। पुलिस छतों को भी स्कैन करेगी।

ड्रोन करेगा पेट्रोलिंग : संदेही सामग्री और व्यक्तियों की सूचना मिलते ही नीचे खड़ा दस्ता दबिश देगा। ड्रोन न सिर्फ पेट्रोलिंग करेगा बल्कि उसमें पीए सिस्टम रहेगा, जो लगातार चेतावनी जारी करता रहेगा। ड्रोन से ही हेड काउंट कर भीड़ पर नियंत्रण करने और आने-जाने वाले मार्गों की रूपरेखा तय होगी। डीसीपी के अनुसार प्रत्येक व्यक्ति का चेहरा स्पष्ट हो इसलिए मास्क लगाने पर रोक लगाई गई है। पुलिस ने पुंगी बजाने और अनावश्यक शोर करने पर भी रोक लगा दी है।

20 से ज्यादा गलियां सील : भीड़ को नियंत्रित करने और दोपहिया वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए गोराकुंड, सराफा, राजवाड़ा, आड़ा बाजार, खजूरी बाजार की 20 से अधिक गलियों को सील किया जाएगा। इन मार्गों पर बैरिकेडिंग कर पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी, जिससे केवल निर्धारित रास्तों से ही लोगों का प्रवेश और निकास हो सकेगा।

पुलिसकर्मियों के पास बाडीवॉर्न कैमरे, ब्रेथ एनालाइजर भी होंगे। शराबियों को पकड़ लिया जाएगा। हुड़दंग करने वालों पर भी किसी तरह की रियायत नहीं करेंगे। उन्हें हिरासत में लेने के लिए चार स्थानों पर पुलिस वाहनों में अस्थायी जेल बनाई जा रही है।
Edited By: Naveen R Rangiyal
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
यूपी के विकास व सुधार के लिए गोविंद बल्लभ पंत ने अनेक कदम उठाए : CM योगी