शनिवार, 11 अप्रैल 2026
  1. समाचार
  2. वेबदुनिया सिटी
  3. इंदौर
  4. indore guitarist shiv raghuvanshi drowning kalakund rangpanchami incident
Last Modified: इंदौर , सोमवार, 9 मार्च 2026 (10:26 IST)

पिकनिक मनाने काला कुंड गए इंदौर के कलाकार की डूबने से मौत

shiv raghuvanshi
रंगपंचमी पर सेलिब्रेट करने काला कुंड गए इंदौर के गिटारिस्ट 48 साल के शिव रघुवंशी की पानी में डूबने से मौत हो गई। शिव समाजसेवा और आरएसएस (RSS) से भी जुड़े थे। सुखलिया निवासी शिव रघुवंशी रामेश्वरम जिला सेवा प्रमुख थे। वे अपने मित्रों और बच्चों के साथ रंगपंचमी पर पिकनिक मनाने गए थे। शिव रघुवंशी इवेंट मैनेजर होने के साथ गिटारिस्ट भी थे। उनके परिवार में मामा भरत सिंह रघुवंशी पार्षद है। कई सदस्य समाजसेवा और राजनीति से जुड़े है। सोमवार सुबह उनके निवास से उनकी शवयात्रा निकली।
 
सांस फूलने से बिगड़ा संतुलन: बताया जा रहा है कि पानी में तैरने के दौरान शिव रघुवंशी की सांस फूलने से संतुलन बिगड़ गया था। उनके बड़े भाई संतोष सिंह रघुवंशी ने बताया, शिव अपने दोस्तों के साथ रंगपंचमी पर कालाकुंड पहुंचे थे। वे अच्छे तैराक थे और कुंड में तैराकी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी सांस फूलने लगी और पानी में डूबने लगे। उनके साथ मौजूद दोस्त के बेटे ने जब देखा, तो वह तुरंत बचाने के लिए पानी में पहुंचा और उन्हें बाहर निकालकर लाया।
 
किनारे पर लाने के बाद मित्रों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के तौर पर सीपीआर दिया। पेट दबाने पर उन्होंने उल्टी भी की, जिससे उम्मीद जगी थी। उन्हें तत्काल सिमरोल के नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने इंदौर रेफर कर दिया। भंवरकुआं क्षेत्र के एक निजी अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कोरोना काल में सेवा

परिजन का कहना है, शिव रघुवंशी अपनी मिलनसार छवि और सेवाभावी स्वभाव के लिए जाने जाते थे। कोरोना महामारी में उन्होंने खूब सेवा कार्य किए थे। परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी है। अचानक हुई इस घटना से पूरे रामेश्वरम जिले और उनके मित्र संगठन में शोक व्याप्त है। शिव रघुवंशी के परिजन ने उनके नेत्रदान को पूरा कराया। मुस्कान ग्रुप के संदीपन आर्य ने बताया, नेत्रदान रविवार को हुआ है। देहदान सोमवार को एलएनसीटी मेडिकल कॉलेज को किया जाएगा। 
Edited By: Naveen Rangiyal
ये भी पढ़ें
LIVE: ईरान अमेरिका युद्ध पर संसद में क्या बोले जयशंकर?