इंदौर क्यों ‘मुक्त’ नहीं हो पा रहा ट्रैफिक जाम से, कब तक लापरवाह सिस्टम का दंश भुगतेगी आम जनता?
हाईकोर्ट की फटकार और आईआईएम, आईआईटी के प्लान के बावजूद बदहाल यातायात
- हर चौराहे और सड़क पर जाम, पुलिस कहीं नहीं, कहीं सिग्नल बंद
- पाटनीपुरा से लेकर परदेशीपुरा तक, मालवा मिल से जंजीरवाला तक, सभी जगह जाम
- इंदौर ट्रैफिक पुलिस से नहीं संभल रहा यातायात, जिम्मेदार मस्त
ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल : यातायात को सुगम बनाने की जिम्मेदारी संभालने वाला इंदौर का ट्रैफिक पुलिस विभाग इस मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हो रहा है। सड़कों पर निगरानी के अभाव में वाहन चालकों के हौसले बुलंद हैं। बेतरतीब वाहन चलाना, सिग्नल तोड़ना और गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में घुस जाना आम बात हो गई है। नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले इन चालकों पर सख्त कार्रवाई करने के लिए चौराहों पर पुलिस नदारद दिखती है, जिससे अनुशासनहीनता लगातार बढ़ रही है।
राजबाड़ा से गांधी हॉल तक बुरे फंसे लोग : रिंग रोड के अलावा शहर के मध्य और प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र राजबाड़ा से लेकर गांधी हॉल तक भी यातायात की रफ्तार पूरी तरह थम गई। बाजार क्षेत्र होने के कारण शाम को यहां वाहनों की संख्या में भारी इजाफा देखा गया। सड़क पर जगह कम पड़ने और वाहनों की लंबी कतारें लगने से लोग काफी देर तक एक ही स्थान पर खड़े रहने को मजबूर हुए।
ट्रैफिक में शर्मसार कर रहा इंदौर : कुल मिलाकर एक तरफ इंदौर स्वच्छता, स्मार्ट सिटी और विकास के नए कीर्तिमान गढ़ रहा है, वहीं दूसरी तरफ बदहाल ट्रैफिक शहर की छवि को धूमिल कर रहा है। विशेषज्ञों की रिपोर्ट और अदालती आदेश फाइलों में दबे नजर आ रहे हैं। यदि प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए, सिग्नलों को दुरुस्त नहीं किया और चौराहों पर सख्ती नहीं बढ़ाई, तो 'स्वच्छ इंदौर' का गौरव 'जाम इंदौर' की पहचान के पीछे छिप जाएगा। आम वाहन चालकों को रोजाना जाम का शिकार होना पड़ रहा है। कहीं सिग्नल बंद है तो कहीं पुलिस ही तैनात नहीं है। जो लोग ट्रैफिक नियमों को तोड़ते हैं उन पर कार्रवाई करने के लिए कहीं कोई पुलिस नजर नहीं आती। इंदौर के तकरीबन हर चौराहे की हालत खराब है, रोजाना शाम को लोग जाम में फंसते हैं। लेकिन इंदौर का ट्रैफिक पुलिस विभाग यातायात सुधारने में पूरी तरह से असफल रहा है। स्वच्छता में कई बार नंबर वन प्राप्त कर चुका इंदौर ट्रैफिक के मामले में शर्मसार कर रहा है।

