1. समाचार
  2. वेबदुनिया सिटी
  3. इंदौर
  4. Indore MLA Mahendra Hardia Rides a Bullet in a T-shirt and Capris

टीशर्ट- कैपरी में इंदौर के विधायक महेंद्र हार्डिया ने की बुलेट की सवारी, बगैर हेलमेट पर लोगों ने उठाए सवाल, कार्रवाई क्‍यों नहीं

Mahendra Hardia
इंदौर पुलिस हेलमेट नहीं पहनने वाले वाहन चालकों पर लगातार कार्रवाई कर रही है। रोजाना चालानी कार्रवाई की जा रही है और लाइसेंस निरस्‍त किए जा रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ इंदौर विधानसभा क्षेत्र 5 के विधायक महेंद्र हार्डिया बिंदास बिना हेलमेट के बुलेट चलाते नजर आए।

इतना ही नहीं, वे कूल अंदाज में दिखे। उन्‍होंने इस दौरान टी शर्ट और कैपरी पहन रखी थी। बता दें कि हाल ही में वे पानी के संकट पर इंदौर प्रशासन के खिलाफ बोलकर और बाद में प्रशासन की तारीफ करने से चर्चा में आए थे। अब उनकी यह बुलेट की सवारी शहर में चर्चा का विषय है।

बता दें कि पूर्व मंत्री और वर्तमान विधायक महेंद्र हार्डिया शुक्रवार को रॉयल एनफील्ड बुलेट चलाते नजर आए। खास बात यह रही कि इस दौरान उन्होंने हेलमेट नहीं पहन रखा था। वे आमतौर पर खादी का पायजामा और कुरता पहनते हैं। लेकिन आज वे टी-शर्ट और कैपरी में दिखाई दिए।

क्‍यों उठ रहे हैं विधायक पर सवाल : इस पूरे मामले ने ट्रैफिक नियमों और वीआईपी कल्चर को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर में ट्रैफिक पुलिस आम लोगों पर बिना हेलमेट वाहन चलाने को लेकर लगातार चालानी कार्रवाई कर रही है, लेकिन जनप्रतिनिधियों द्वारा खुलेआम नियमों की अनदेखी किए जाने पर लोग सवाल उठा रहे हैं।

विधायक है इसलिए कार्रवाई नहीं : इंदौर के नागरिकों का कहना है कि जब कानून सभी के लिए एक समान है तो फिर नेताजी पर कार्रवाई क्‍यों नहीं की गई। लोग पूछ रहे हैं कि ट्रैफिक पुलिस आम नागरिकों की तरह पूर्व मंत्री पर भी कार्रवाई क्‍यों नहीं करती। क्‍या वे विधायक हैं इसलिए कार्रवाई नहीं की जा रही है। एक वाहन चालक सुदेश कुमार ने बताया कि पुलिस लोगों पर कोई न कोई गलती निकालकर चालानी कार्रवाई करती है। कभी हेलमेट के नाम पर तो कभी लाइसेंस और रजिस्‍ट्रेशन के नाम पर धर लेती है। अब विधायक महोदय खुल्‍लम खुल्‍ला नियमों को ताक में रख रहे हैं तो कार्रवाई क्‍यों नहीं।
Edited By: Naveen R Rangiyal
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
उमर खालिद को बड़ी राहत: दिल्ली हाईकोर्ट ने मंजूर की 3 दिन की अंतरिम जमानत; मां की सर्जरी में होंगे शामिल