1. समाचार
  2. वेबदुनिया सिटी
  3. इंदौर
  4. Bloody Game of Revenge in Indore Over Old Enmity

पुरानी रंजिश में इंदौर में बदले का खूनी खेल, 4 गोलियां मारकर बेरहमी से भिंड के रेत कारोबारी की हत्या

murder
इंदौर में अपराध का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को लसूडिया थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्‍या से लोग सहम उठे। यहां ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए एक युवक की बर्बरता के साथ हत्‍या कर दी गई। गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। गंभीर रूप से घायल युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना लसूडिया क्षेत्र की गुलाब बाग कॉलोनी में हुई। यहां रहने वाले अभयेंद्र सिंह पुत्र अटल सिंह तोमर की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और आस-पास के चश्मदीदों से पूछताछ की जा रही है।

शुरुआती जांच और पुलिस के मुताबिक, इस पूरे घटनाक्रम को पुरानी रंजिश के चलते अंजाम दिया गया है। बताया जा रहा है कि साल 2024 में अभयेंद्र ने एक गोलीकांड को अंजाम दिया था। संभवतः उसी पुरानी दुश्मनी का बदला लेने के लिए विरोधी गुट के आरोपियों ने गुरुवार रात को घात लगाकर उस पर हमला किया और उसकी गोली मारकर हत्या कर दी।

इस मामले के तार चंबल अंचल के भिंड जिले से जुड़े हुए हैं। भिंड में कुछ समय पहले अभयेंद्र ने विष्णु यादव हत्याकांड को अंजाम दिया था। इस हत्याकांड को अभी तोमर ने अंजाम दिया था। इसी हत्या का बदला लेने के लिए मृतक विष्णु यादव के भाई गुलशन यादव और उसके चार साथियों ने मिलकर अभियेन्द्र की हत्या की पूरी साजिश रची और उसे मौत के घाट उतार दिया।

बता दें कि मृतक अभयेंद्र भिंड में रेत के कारोबार से सक्रिय रूप से जुड़ा हुआ था। वह करीब 4 माह पहले ही जेल से छूटकर बाहर आया था और इंदौर में आकर रहने लगा था। इंदौर में वह कंस्ट्रक्शन और कॉन्ट्रैक्टर का काम देख रहा था। आरोपी गुलशन और उसके साथियों ने इंदौर में अभयेंद्र की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए उसकी बकायदा रैकी की थी और गुरुवार रात को मौका पाकर इस पूरे हत्याकांड को अंजाम दे दिया।
Edited By: Naveen R Rangiyal
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
टीशर्ट- कैपरी में इंदौर के विधायक महेंद्र हार्डिया ने की बुलेट की सवारी, बगैर हेलमेट पर लोगों ने उठाए सवाल, कार्रवाई क्‍यों नहीं