कांग्रेस ने की मृतकों की अस्थियों की पूजा, ले गए प्रयागराज, भागीरथपुरा में जहरीले जल से हुई थी 36 मौतें
इंदौर में जहरीले जल से जान गंवाने वाले मृतकों की अस्थियों की कांग्रेसियों ने पूजा की। इसके बाद इन अस्थियों को प्रयागराज ले जाया गया। इन्हें वहां विसर्जित किया जाएगा। बता दें कि पिछले दिनों भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से 36 लोगों की मौत हो गई थी।
शनिवार को जान गंवाने वाले लोगों की अस्थियां लेकर कांग्रेस नेता प्रयागराज के लिए रवाना हो गए हैं। इसके पहले भागीरथपुरा बस्ती में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की मौजूदगी में अस्थि पूजन संपन्न किया गया, इसके बाद अस्थियों को प्रयागराज ले जाया गया।
मंत्रोच्चार के बीच अस्थियों की पूजा : बता दें कि इंदौर में दूषित पानी से मृत लोगों की अस्थियां विसर्जित करने के लिए कांग्रेस नेता प्रयागराज लेकर रवाना हुए हैं। शनिवार को बस्ती में कांग्रेस नेता मुकेश यादव ने एक कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी शामिल हुए। ब्राह्मणों ने मंत्रोच्चार के बीच अस्थियों की पूजा की, जिसके बाद कांग्रेस नेता बस्ती से रवाना हुए।
मंत्री विजयवर्गीय पर बोला हमला : पूजन के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि भागीरथपुरा बस्ती मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा है। नगर निगम की लापरवाही के कारण बस्ती में दूषित पानी की सप्लाई हुई और 36 लोगों की मौत हो गई। अपनी लापरवाही मानने के बजाय मंत्री विजयवर्गीय विधानसभा के सदन में बस्ती का अपमान करते रहे। उन्होंने बस्तीवालों को अशिक्षित बताया और बस्ती की तुलना मुंबई की धारावी बस्ती से की।
मुआवजे पर उठाए सवाल : पटवारी ने यह भी कहा कि नगर निगम अपने कर्मचारियों की मौत पर 30 लाख रुपए से ज्यादा की राशि देता है, लेकिन दूषित पानी से भागीरथपुरा बस्ती में जिन लोगों की मौत हुई, उनके परिजनों को सिर्फ दो-दो लाख रुपए दिए गए। आखिर यह भेदभाव क्यों किया गया? उन्होंने कहा कि अभी भी बस्ती में समस्याएं काफी हैं और अब भाजपा के जनप्रतिनिधि बस्ती में नहीं आ रहे हैं।
एक हजार से ज्यादा हुए थे बीमार : भागीरथपुरा में दूषित पानी से डायरिया फैला था, जिस कारण जिन लोगों की मौत हुई उनमें से कई की अस्थियां परिजन पहले ही नर्मदा नदी में विसर्जित करके आ चुके हैं। आपको बता दें कि भागीरथपुरा में ढाई माह पहले दूषित पानी के कारण डेढ़ हजार से ज्यादा लोग बीमार हो गए थे। उनमें से साढ़े चार सौ लोगों को अस्पताल में भर्ती किया गया था। गंभीर बीमारी के कारण 36 लोगों की मौत भी हो चुकी है। अब बस्ती में कोई बीमार नहीं है और नई लाइन भी बिछाई जा रही है।
Edited By: Naveen R Rangiyal
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें